उत्तराखंड बोर्ड ने जारी किया 10th,12th परीक्षा परिणाम!: हाईस्कूल में नैनीताल के अक्षत गोपाल ने तो वहीं इंटरमीडिएट में बागेश्वर की गीतिका पंत और ऊधम सिंह नगर की सुशीला मेहंदीरत्ता रहीं संयुक्त टॉपर वहीं पिछले साल से?
उत्तराखंड बोर्ड ने जारी किया 10th,12th परीक्षा परिणाम!

रामनगर/नैनीताल: उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (UBSE) ने शनिवार को हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने रामनगर स्थित बोर्ड कार्यालय में नतीजे जारी किए। इस बार भी बेटियों ने बेटों को पीछे छोड़ा और प्रदेशभर में अपना दबदबा कायम रखा।

पास प्रतिशत: एक नजर में

आपकी जानकारी के लिये बता दें कि हाईस्कूल (10वीं) में कुल 1,12,266 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 1,08,983 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 1,00,373 छात्र उत्तीर्ण घोषित किए गए। इस प्रकार हाईस्कूल का कुल पास प्रतिशत 92.10% रहा। बालकों का पास प्रतिशत 88.03% रहा, जबकि बालिकाओं का पास प्रतिशत 96.07% दर्ज किया गया। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार परिणाम में 1.33% का सुधार देखा गया है। इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 का कुल पास प्रतिशत 85.11% रहा। इसमें बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.93% रहा, जबकि बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.09% रहा।

10वीं के टॉपर; एक नंबर का खेल

गौरतलब हैं कि हाईस्कूल में रामनगर (नैनीताल) के अक्षत गोपाल ने 500 में से 491 अंक (98.20%) हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर ईशांत कोठारी (उत्तरकाशी) और भूमिका पंत (नैनीताल) ने 490-490 अंक (98%) के साथ संयुक्त रूप से कब्जा किया। भूमिका पंत बालिकाओं में भी टॉपर रहीं। तीसरे स्थान पर योगेश जोशी (बागेश्वर) 489 अंक (97.80%) के साथ रहे। यानी एक नंबर के अंतर ने रैंकिंग पूरी तरह बदल दी। 490 अंक लाने वाले दो छात्र संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे, जबकि 489 अंक वाले तीसरे।

12वीं के टॉपर; गीतिका और सुशीला संयुक्त रूप से अव्वल

विदित है कि इंटरमीडिएट में बागेश्वर की गीतिका पंत और ऊधम सिंह नगर की सुशीला मेहंदीरत्ता ने 500 में से 490 अंक (98%) हासिल कर संयुक्त रूप से प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर ऋषिकेश (देहरादून) के आर्यन 489 अंक (97.80%) के साथ रहे। तीसरे स्थान पर हरिद्वार की वंशिका 485 अंक (97%) के साथ रहीं। देहरादून का 12वीं में ओवरऑल रिजल्ट 83.65% रहा। टॉप-25 में जिले के 9 छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

बेटियों का दबदबा कायम

इस बार भी दोनों परीक्षाओं में बेटियों ने बेटों को पीछे छोड़ा। 10वीं में लड़कियों का पास प्रतिशत 96.07% के मुकाबले लड़कों का 88.03% रहा। 12वीं में लड़कियां 88.09% पास हुईं, जबकि लड़के 81.93% पर रहे। 10वीं में लड़कियों और लड़कों के बीच पास प्रतिशत का अंतर लगभग 8 फीसदी रहा, जो बेटियों के बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है।

23 हजार से ज्यादा छात्र फेल

गौरतलब है कि हालांकि रिजल्ट में सुधार देखने को मिला, लेकिन 10वीं और 12वीं में मिलाकर 23 हजार से अधिक छात्र फेल हुए हैं। ये छात्र अब कम्पार्टमेंट परीक्षा के माध्यम से अपने अंक सुधार सकते हैं।

रिजल्ट ऐसे करें चेक

स्टेप 1: ubse.uk.gov.in पर जाएं

स्टेप 2: "Board Exam 2026" सेक्शन में जाएं

स्टेप 3: हाईस्कूल या इंटरमीडिएट के रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें

स्टेप 4: रोल नंबर डालें

स्टेप 5: सबमिट करें और रिजल्ट डाउनलोड करें

विद्यार्थी results.digilocker.gov.in पर जाकर भी रिजल्ट चेक कर सकते हैं।

उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट 2026 ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। 10वीं में अक्षत गोपाल का शानदार प्रदर्शन और 12वीं में गीतिका-सुशीला का संयुक्त टॉपर बनना। ये नतीजे बताते हैं कि प्रदेश के छात्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। हालांकि, 23 हजार से अधिक छात्रों का फेल होना चिंता का विषय है। अब देखना यह है कि कम्पार्टमेंट परीक्षा में कितने छात्र सफल हो पाते हैं।

अन्य खबरे