उत्तराखंड चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का रिकॉर्ड जनसैलाब!: 147 दिन में 50 लाख के पार हुई श्रद्धालुओं की संख्या, वहीं गंगोत्री ने भी पहली बार...जानिए किस धाम में पहुंचे कितने श्रद्धालु_एक नज़र
उत्तराखंड चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का रिकॉर्ड जनसैलाब!

देहरादून: उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस बार आस्था और श्रद्धा का नया रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है। यात्रा के 147 दिन पूरे होते-होते चारों धामों में 50 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। खास बात यह है कि यात्रा का अभी करीब दो महीने का समय बाकी है। ऐसे में सीजन खत्म होने तक यह आंकड़ा और तेजी से बढ़ने की संभावना है। 12 सितंबर तक चारधाम यात्रा में कुल 50,28,497 श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 45,09,324 थी। यानी इस बार अब तक 5,19,173 ज्यादा श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं। बढ़ती संख्या ने जहां धार्मिक पर्यटन के लिए नया उत्साह पैदा किया है, वहीं यात्रा व्यवस्थाओं के सामने चुनौती भी बढ़ा दी है।

गंगोत्री धाम में पहली बार 7.84 लाख पार आंकड़ा

आपको बता दें कि इस साल सबसे ज्यादा चर्चा गंगोत्री धाम की हो रही है। यहां 12 सितंबर तक 7,84,321 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। यह पहली बार है जब गंगोत्री में यात्रियों की संख्या 7.84 लाख के पार गई है। इससे पहले वर्ष 2022 में 7,81,961, 2023 में 7,12,749 और 2025 में 7,58,249 श्रद्धालु गंगोत्री पहुंचे थे। इस साल इन सभी आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया गया है।

यमुनोत्री में भी नया मुकाम

गौरतलब है कि गंगोत्री के साथ यमुनोत्री धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक यहां 7,03,302 यात्री दर्शन कर चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि पिछले पूरे यात्रा सीजन में यमुनोत्री पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 6,44,637 थी। यानी इस बार यात्रा खत्म होने से पहले ही पिछले साल का आंकड़ा करीब 59 हजार से अधिक पार हो चुका है।

बद्रीनाथ भी रिकॉर्ड की राह पर

विदित है कि भगवान बदरी विशाल की नगरी बद्रीनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। 23 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा के दौरान अब तक 17,28,578 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 13,82,845 था। यानी इस बार करीब 3.46 लाख अधिक श्रद्धालु बद्रीनाथ पहुंच चुके हैं। यात्रा के दो महीने अभी बाकी हैं, इसलिए यहां भी नया रिकॉर्ड बनने की उम्मीद बढ़ गई है।

हेमकुंड साहिब में भी पहली बार 3 लाख पार

चारधाम के साथ हेमकुंड साहिब यात्रा में भी इस बार जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। यहां श्रद्धालुओं की संख्या पहली बार 3 लाख का आंकड़ा पार कर 3,19,135 तक पहुंच गई है।

उपलब्धियों के साथ चुनौतियाँ भी

बढ़ती भीड़ ने सरकार की बढ़ाई जिम्मेदारी श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या उत्तराखंड के लिए धार्मिक पर्यटन की बड़ी उपलब्धि है, लेकिन इसके साथ व्यवस्थाओं की परीक्षा भी शुरू हो गई है। भारी भीड़ के कारण सड़क, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर दबाव बढ़ना स्वाभाविक है। मौसम और भूस्खलन जैसी चुनौतियों को देखते हुए यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जैसे जिलों में आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट रखा गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुसार यात्रा का पहला चरण सफल रहा है और दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। सरकार का जोर सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा कराने पर है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि यात्रा के बाकी दो महीनों में श्रद्धालुओं की संख्या कहां तक पहुंचती है। जिस रफ्तार से इस बार यात्री चारधाम पहुंच रहे हैं, उससे संकेत साफ है कि उत्तराखंड की यह यात्रा इस बार अपने ही पुराने रिकॉर्ड को नई ऊंचाई देने वाली है।

अन्य खबरे