हरिद्वार-अर्धकुम्भ में इस बार होंगे और कड़े सुरक्षा इंतजाम!: यूपी-हरियाणा समेत 6 राज्यों की फोर्स, ATS और NSG...देखे 21 करोड़ की भीड़ को संभालने के लिए राज्य सरकार का सुरक्षा चक्र_एक नजर
हरिद्वार-अर्धकुम्भ में इस बार होंगे और कड़े सुरक्षा इंतजाम!

हरिद्वार : जनवरी 2027 से हरिद्वार में शुरू होने वाले अर्द्धकुंभ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। अनुमान है कि पूरे आयोजन के दौरान 15 से 21 करोड़ लोग गंगा स्नान और धार्मिक आयोजनों में शामिल हो सकते हैं। इतनी बड़ी भीड़ को सुरक्षित संभालने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने अभी से व्यापक सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं। पड़ोसी राज्यों से अतिरिक्त पुलिस बल मांगा गया है, वहीं आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS), NSG और साइबर कमांडो की टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा होंगी। मेले की सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान से घुड़सवार पुलिस टीमों को भी बुलाने की तैयारी है। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और आपात स्थिति से निपटने के लिए अलग-अलग सुरक्षा इकाइयां तैनात की जाएंगी।

यूपी से सबसे ज्यादा पुलिस बल की मांग:

गौरतलब है कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा पुलिसकर्मियों की मांग की गई है। प्रस्ताव के अनुसार, यूपी से नागरिक पुलिस के 2,195 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 330, फायर सर्विस के 187 और इंटेलिजेंस के 200 कर्मियों के अलावा पीएसी की 48 कंपनियां मांगी गई हैं। हरियाणा से नागरिक पुलिस के 1,105 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 65, फायर सर्विस के 100, इंटेलिजेंस के 45 कर्मियों और पीएसी की 12 कंपनियों की मांग की गई है। हिमाचल प्रदेश से नागरिक पुलिस के 555 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 65, फायर सर्विस के 36, इंटेलिजेंस के 18 कर्मियों और पीएसी की 12 कंपनियां मांगी गई हैं। दिल्ली से नागरिक पुलिस के 55, ट्रैफिक पुलिस के 65, फायर सर्विस के 58 और इंटेलिजेंस के 18 कर्मियों की मांग की गई है।

घोड़ों पर सवार जवान भी संभालेंगे भीड़

अर्द्धकुंभ मेले में भीड़ नियंत्रण और निगरानी के लिए घुड़सवार पुलिस की टीमें भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उत्तर प्रदेश से 15 घोड़े और 35 जवान, मध्य प्रदेश से 20 घोड़े और 20 जवान तथा राजस्थान से 20 घोड़े और 20 जवान बुलाने की मांग की गई है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में घुड़सवार जवानों की मदद से निगरानी और पुलिस की आवाजाही आसान हो सकती है। इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए विशेष टीमों की तैनाती भी प्रस्तावित है।

ATS, NSG और साइबर कमांडो भी रहेंगे तैनात

विदित है कि मेले की सुरक्षा केवल सामान्य पुलिस बल तक सीमित नहीं रहेगी। योजना के तहत पहले और दूसरे चरण में ATS की छह टीमें तैनात की जाएंगी। प्रत्येक टीम में 12 जवान होंगे। इसके अलावा NSG की छह टीमें और साइबर कमांडो की 25 टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी। साइबर कमांडो ऑनलाइन अफवाहों, डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराधों पर नजर रखने में मदद करेंगे, जबकि विशेष सुरक्षा टीमें किसी गंभीर खतरे की स्थिति में कार्रवाई के लिए तैयार रहेंगी।

पिछले कुंभ से डेढ़ गुना ज्यादा पुलिस बल

वर्ष 2010 के हरिद्वार कुंभ मेले में लगभग 4.35 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया था। इस बार 15 से 21 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पिछली तुलना में करीब डेढ़ गुना अधिक पुलिस बल तैनात करने की तैयारी है।

हरिद्वार में अर्द्धकुंभ के दौरान सुरक्षा, यातायात, घाटों पर भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इतने बड़े धार्मिक आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती होगी।

अन्य खबरे