पीएम मोदी ने 213 किमी लम्बे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को राष्ट्र को किया समर्पित!: अब सिर्फ 2.5 घंटे में होगा दिल्ली से देहरादून तक का सफर, एशिया का सबसे लंबा वाइल्डलाइफ कॉरिडोर भी शामिल, मिलेगी ये 10 बड़ी सुविधाएँ
पीएम मोदी ने 213 किमी लम्बे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को राष्ट्र को किया समर्पित!

नई दिल्ली/देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश को एक बड़ी सौगात देते हुए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर दिया। इसके शुरू होते ही राजधानी से देहरादून का सफर अब सिर्फ ढाई से तीन घंटे में पूरा हो जाएगा। पहले यह दूरी तय करने में 6 से 7 घंटे लग जाते थे। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, "दिल्ली से देहरादून की यात्रा अब पूरी तरह बदलने वाली है।" उनके इस वीडियो में एक्सप्रेसवे की आधुनिक संरचना और वन्यजीवों के लिए बनाए गए खास पासेज दिखाए गए हैं।

जानें क्या है इस रोड की खासियत?

लंबाई और लागत: यह एक्सप्रेसवे करीब 213 किलोमीटर लंबा है और इसे 6 लेन का बनाया गया है। इसके निर्माण पर लगभग 12,000 करोड़ रुपये की लागत आई है।

रूट और कनेक्टिविटी: दिल्ली में अक्षरधाम से शुरू होकर यह एक्सप्रेसवे दिल्ली के गीता कॉलोनी, शास्त्री पार्क, खजूरी खास और सोनिया विहार को जोड़ता है। उत्तर प्रदेश में यह लोनी बॉर्डर, बागपत, बड़ौत, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर से होकर गुजरता है। उत्तराखंड में रुड़की होते हुए यह देहरादून पहुंचता है।

वाइल्डलाइफ कॉरिडोर: इस एक्सप्रेसवे की सबसे खास बात इसका 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर है, जो एशिया का सबसे लंबा है। यह राजाजी नेशनल पार्क के ऊपर बना है, जिससे नीचे से जंगली जानवर सुरक्षित आ-जा सकेंगे। इसमें 2 हाथी अंडरपास और 6 अन्य एनिमल पास भी बनाए गए हैं।

मिलेंगी ये सुविधाएं

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यहां यात्रियों को कई बड़ी सुविधाएं मिलेंगी। इसके तहत एक्सप्रेसवे पर 10 इंटरचेंज, 113 अंडरपास, 3 रेलवे ओवरब्रिज और 10 बड़े पुल बनाए गए हैं। डाटकाली मंदिर के पास 370 मीटर लंबी सुरंग भी बनाई गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए 12 से 14 वेसाइड एमिनिटीज (फूड कोर्ट, पार्किंग, टॉयलेट) बनाई गई हैं। इलेक्ट्रिक व्हिकल चार्जिंग और पेट्रोल पम्प भी मिलेंगे साथ ही सुरक्षा और इमरजेंसी सुविधाएं भी रहेंगी।

पर्यावरण के अनुकूल डिजाइन

गौरतलब है कि इस एक्सप्रेसवे को "सस्टेनेबल बाय डिजाइन" की थीम पर बनाया गया है। वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए यह अपने आप में एक मिसाल है। पीएम मोदी के वीडियो में हाथियों और हिरणों को एक्सप्रेसवे के नीचे से सुरक्षित गुजरते हुए दिखाया गया है।

स्पीड और सुरक्षा

विदित है कि इस 6 लेन एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से सड़क की निरंतर निगरानी होगी, जिससे यात्रा सुरक्षित और सुचारू रहेगी।

आगे की योजना

एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद अब आशारोड़ी से मोहकमपुर के बीच 12 किमी लंबी एलिवेटेड रोड पर भी काम तेज हो गया है। इसके तैयार होने पर देहरादून में भी ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिलेगी।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे न सिर्फ यात्रा का समय कम करेगा, बल्कि उत्तराखंड के पर्यटन, व्यापार और रोजगार को भी नई रफ्तार देगा। 12 हजार करोड़ की इस परियोजना ने विकास और पर्यावरण संरक्षण का एक नया मॉडल पेश किया है। अब दिल्ली से दून की यात्रा सिर्फ ढाई घंटे की दूरी पर है।

अन्य खबरे