देहरादून/भिवानी : एक स्टेज पर दिया गया बयान अब कानूनी शिकंजे में बदल चुका है। हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के खिलाफ देहरादून में FIR दर्ज हो गई है। आरोप है कि उन्होंने कॉलेज कार्यक्रम के दौरान मंच से अभद्र भाषा और गालियों का इस्तेमाल किया, जिसका वीडियो वायरल होते ही बवाल मच गया।
कॉलेज स्टेज से शुरू हुआ विवाद, FIR तक पहुंचा मामला
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि डीएवी कॉलेज देहरादून में आयोजित एक छात्र कार्यक्रम में सिंगर की प्रस्तुति के दौरान यह विवाद हुआ। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद थे, लेकिन इसी बीच मंच से गाली-गलौज और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही लोगों में गुस्सा फैल गया और शिकायतों का सिलसिला शुरू हो गया।
इन धाराओं में केस दर्ज
गौरतलब है कि पुलिस ने मामले की जांच के बाद सिंगर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है:
•धारा 296 – अश्लील कृत्य/गाने
•धारा 352 – शांति भंग करने के इरादे से अपमान
•धारा 79 – महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना
•धारा 351(3) – आपराधिक धमकी
पुलिस का कहना है कि मामला गंभीर है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
शिकायत और विरोध; हर तरफ बढ़ा दबाव:
आपको बता दें कि इस मामले में छात्र संगठन के प्रतिनिधि ने शिकायत दर्ज कराई। भिवानी में वकील ने भी अलग से केस की मांग की। सोशल मीडिया पर भी मासूम शर्मा को जमकर ट्रोल किया जा रहा है। कई लोग गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।
सिंगर की सफाई; ‘तनाव में निकल गई बात’
विवाद बढ़ने के बाद मासूम शर्मा ने वीडियो जारी कर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि एक संदिग्ध व्यक्ति उन्हें धमका रहा था, परिवार को भी कॉल कर डराया गया। उसी तनाव में स्टेज पर गुस्सा निकल गया। हालांकि, उनकी इस सफाई से विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ है।
महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान
मामला अब और गंभीर हो गया है, क्योंकि हरियाणा महिला आयोग ने भी सिंगर को नोटिस भेजकर 18 अप्रैल को पेश होने के लिए तलब किया है।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि क्या मंच पर अभिव्यक्ति की आज़ादी के नाम पर कुछ भी कहा जा सकता है या फिर कलाकारों को सार्वजनिक मंच पर अपनी जिम्मेदारी और भाषा की मर्यादा का पालन करना चाहिए। फिलहाल, मामला कानून के दायरे में है और अब सभी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है।