दिल्ली-NCR के यात्रियों के लिए रेलवे ने दी बड़ी सौगात!: दिल्ली-मेरठ नमो कॉरिडोर का अब हरिद्वार-ऋषिकेश तक होगा विस्तार, वहीं इसकी लम्बाई अब...जानें इस प्रोजेक्ट्स से ग्रेटर नोएडा समेत किन 20 शहरों को होगा बड़ा फायदा
दिल्ली-NCR के यात्रियों के लिए रेलवे ने दी बड़ी सौगात!

नई दिल्ली/हरिद्वार : देश के सबसे महत्वाकांक्षी रैपिड रेल प्रोजेक्ट को अब नया विस्तार मिलने जा रहा है। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को आगे हरिद्वार और ऋषिकेश तक जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। इस परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) और रूट सर्वे का काम आगे बढ़ाया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा के बीच हाईस्पीड रेल कनेक्टिविटी का नया नेटवर्क तैयार होगा।

करीब 150 किलोमीटर लंबा होगा नया कॉरिडोर

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि प्रस्तावित कॉरिडोर मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से आगे बढ़ते हुए दौराला, खतौली, मुजफ्फरनगर, पुरकाजी, रुड़की, हरिद्वार और ऋषिकेश तक जाएगा। उत्तर प्रदेश में इसका बड़ा हिस्सा मेरठ और मुजफ्फरनगर से होकर गुजरेगा, जबकि उत्तराखंड में रुड़की, हरिद्वार और ऋषिकेश इस हाईस्पीड नेटवर्क का हिस्सा बनेंगे।

20 बड़े शहरों को मिलेगा सीधा फायदा

इस नए कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, रुड़की, हरिद्वार, ऋषिकेश, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, सोनीपत, पानीपत, अलवर, नीमराणा समेत करीब 20 बड़े शहर एक आधुनिक रैपिड रेल नेटवर्क से जुड़ जाएंगे। इससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा।

दिल्ली-एनसीआर बनेगा सबसे बड़ा इंटरचेंज हब

गौरतलब है कि सराय काले खां स्टेशन इस पूरे नेटवर्क का सबसे बड़ा इंटरचेंज केंद्र बनने की तैयारी में है। यहां से यात्री दिल्ली-मेरठ, दिल्ली-अलवर और दिल्ली-सोनीपत-पानीपत जैसे कई नमो भारत कॉरिडोर से आसानी से जुड़ सकेंगे। इससे अलग-अलग राज्यों के बीच यात्रा पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो जाएगी।

नोएडा एयरपोर्ट तक भी मिलेगी तेज कनेक्टिविटी

इस परियोजना का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि हरिद्वार, ऋषिकेश और मुजफ्फरनगर के यात्री गाजियाबाद इंटरचेंज के जरिए सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) तक भी पहुंच सकेंगे। इससे धार्मिक पर्यटन, व्यापार और हवाई यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

दिल्ली मेट्रो और रेलवे से भी होगा सीधा जुड़ाव

नमो भारत नेटवर्क को दिल्ली मेट्रो, रेलवे स्टेशन और प्रमुख बस अड्डों से भी जोड़ा जाएगा। आनंद विहार, सराय काले खां और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा मिलने से यात्रियों को अलग-अलग परिवहन सेवाओं के बीच आसानी से सफर करने का अवसर मिलेगा।

पर्यटन और कारोबार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

विदित है कि हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक तेज रेल कनेक्टिविटी मिलने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की यात्रा आसान होगी। वहीं मेरठ, मुजफ्फरनगर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों को भी बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी, जिससे व्यापार और निवेश को गति मिलने की उम्मीद है।

परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए उत्तराखंड सरकार और संबंधित एजेंसियों ने समन्वय प्रक्रिया तेज कर दी है। भूमि सर्वे, रूट प्लानिंग और अन्य तकनीकी तैयारियों पर तेजी से काम किया जा रहा है। सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। यह परियोजना पूरी होने पर उत्तर भारत की हाईस्पीड रेल कनेक्टिविटी को नई पहचान दे सकती है।

अन्य खबरे