नई दिल्ली : क्रिकेट के मैदान में अपने धोनी स्टाइल फिनिश के लिए मशहूर महेंद्र सिंह धोनी के नाम एक और इतिहास दर्ज हो गया है इस बार वो ICC के सम्मान की सबसे ऊंची सूची में शामिल हो गए हैं। सोमवार को ICC ने औपचारिक रूप से धोनी को हॉल ऑफ फेम में शामिल करने का ऐलान किया। अब उनका नाम क्रिकेट के उन महानायकों की कतार में है, जिन्होंने इस खेल को बदलकर रख दिया। धोनी इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होने वाले 11वें भारतीय बन गए हैं। उन्होंने इस सम्मान को पाकर कहा कि : "दुनियाभर के दिग्गजों के बीच नाम आना मेरे लिए गर्व का विषय है। यह पल मैं जीवन भर संजोकर रखूंगा।"
जानें कैसे रचा इतिहास? :
गौरतलब है कि 538 मैच में धोनी 17,266 रन वहीं विकेट पीछे 829 शिकार किये हैं। ICC ने धोनी के करियर पर नजर डालते हुए कहा कि : "यह आंकड़े सिर्फ उनकी प्रतिभा ही नहीं, बल्कि उनकी निरंतरता, फिटनेस और लीडरशिप के गवाह हैं।" टेस्ट, वनडे, टी20 हर फॉर्मेट में धोनी ने अपनी छाप छोड़ी है। मैदान पर उनकी शांत और आक्रामक सोच ने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।
मुश्किल दौर में कप्तानी, बनाई नई टीम इंडिया :
आपको बता दें कि 2007 के ODI वर्ल्ड कप में भारत के खराब प्रदर्शन के बाद जब माहौल निराशाजनक था, उसी वक्त धोनी को T20 वर्ल्ड कप के लिए कप्तान बनाया गया। युवा और अनुभवहीन खिलाड़ियों को साथ लेकर धोनी ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी भारत के नाम कर दी। यही वह क्षण था जिसने धोनी को 'कैप्टन कूल' के रूप में स्थापित कर दिया।
तीनों ICC ट्रॉफी जिताने वाले इकलौते भारतीय कप्तान :
विदित है कि धोनी के खाते में एक ऐसा रिकॉर्ड है जो किसी भारतीय कप्तान के पास नहीं। उन्होनें 2007 T20 वर्ल्ड कप, 2011 ODI वर्ल्ड कप , 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जितवाई। इसके अलावा भारत को पहली बार टेस्ट में नंबर-1 रैंकिंग भी दिलाई।
7 खिलाड़ी इस साल हुए शामिल? :
आपको बता दें कि इस साल ICC ने हॉल ऑफ फेम में कुल 7 खिलाड़ियों को शामिल किया गया। जिसमें पुरुष क्रिकेटर में महेंद्र सिंह धोनी (भारत), हाशिम अमला (दक्षिण अफ्रीका), मैथ्यू हेडन (ऑस्ट्रेलिया), ग्रीम स्मिथ (दक्षिण अफ्रीका) और डेनियल विटोरी (न्यूजीलैंड) शामिल हैं। वहीं महिला क्रिकेटर में सना मीर (पाकिस्तान) और सारा टेलर (इंग्लैंड) शामिल रहीं। अब तक हॉल ऑफ फेम में कुल 122 महान क्रिकेटर शामिल हो चुके हैं।
कैसे होता है चयन? :
आपको बता दें कि इस चयन को एक विशेष पैनल करता है जिसमें वर्तमान हॉल ऑफ फेमर्स, ICC के अधिकारी और दुनिया के नामी मीडिया प्रतिनिधि शामिल होते हैं। यह घोषणा ICC के 'A Day with the Legends' कार्यक्रम में की गई।आपको बता दें कि किसी खिलाड़ी के आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच के 5 साल बाद ही वह हॉल ऑफ फेम के लिए पात्र होता है।
भारतीय क्रिकेट के अन्य हॉल ऑफ फेमर्स :
धोनी के साथ अब तक के हॉल ऑफ फेम में शामिल 11 भारतीय दिग्गज हैं इसमें सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, वीरेंद्र सहवाग, बिशन सिंह बेदी, कपिल देव, अनिल कुंबले, विनू मांकड़, डायना एडुल्जी, नीतू डेविड और अब महेंद्र सिंह धोनी शामिल हो गए हैं।
जब धोनी ने लंबे बालों के साथ इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था, तब शायद किसी ने नहीं सोचा था कि यह खिलाड़ी इतिहास रचेगा। लेकिन कैप्टन कूल ने अपने शांत स्वभाव, बेजोड़ रणनीति और दमदार नेतृत्व से भारतीय क्रिकेट को नया चेहरा दिया। अब वह हॉल ऑफ फेम में शामिल होकर खुद को फिर से साबित कर चुके हैं।