तकनीकी: दुनिया के सबसे लोकप्रिय इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने अपने करोड़ों यूजर्स के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है। अब यूजर्स को कंप्यूटर या लैपटॉप पर ऑडियो और वीडियो कॉल करने के लिए अलग से WhatsApp Desktop ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कंपनी ने वेब ब्राउजर पर ही कॉलिंग फीचर उपलब्ध करा दिया है। यानी अब सिर्फ ब्राउजर में WhatsApp Web खोलकर सीधे कॉल की जा सकेगी और कॉल रिसीव भी की जा सकेगी। गौरतलब है कि यह अपडेट खास तौर पर उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी माना जा रहा है, जो ऑफिस, कॉलेज या ऐसे कंप्यूटर का इस्तेमाल करते हैं जहां किसी नए सॉफ्टवेयर या ऐप को इंस्टॉल करने की अनुमति नहीं होती।
अब ब्राउजर से ही होगी कॉलिंग
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अब तक WhatsApp Web का इस्तेमाल केवल चैटिंग, फाइल शेयरिंग और मैसेज भेजने के लिए किया जाता था। यदि किसी यूजर को ऑडियो या वीडियो कॉल करनी होती थी तो उसे WhatsApp Desktop ऐप डाउनलोड करना पड़ता था। अब कंपनी ने इस बाधा को खत्म कर दिया है। नए अपडेट के बाद Google Chrome, Microsoft Edge, Safari और अन्य सपोर्टेड ब्राउजर से ही कॉलिंग की जा सकेगी।
मिलेंगे ये शानदार फीचर्स
WhatsApp Web की कॉलिंग पहले से कहीं ज्यादा एडवांस बनाई गई है। इसमें कई नए फीचर भी शामिल किए गए हैं।
एक व्यक्ति के साथ ऑडियो और वीडियो कॉल।
ग्रुप ऑडियो और वीडियो कॉल का सपोर्ट।
कॉल के दौरान स्क्रीन शेयर करने की सुविधा।
लाइव रिएक्शन भेजने का विकल्प।
अलग 'Calls' टैब, जहां पूरी कॉल हिस्ट्री और फेवरेट कॉन्टैक्ट्स दिखाई देंगे।
बिना ब्राउजर छोड़े सीधे कॉल शुरू करने और रिसीव करने की सुविधा।
चलती कॉल को मोबाइल से लैपटॉप पर कर सकेंगे ट्रांसफर
WhatsApp ने 'Call Transfer' फीचर भी लॉन्च किया है। इसकी मदद से यदि आपने मोबाइल पर कोई ग्रुप कॉल शुरू की है और बाद में लैपटॉप पर शिफ्ट होना चाहते हैं, तो कॉल काटने की जरूरत नहीं होगी। यूजर बिना डिस्कनेक्ट हुए उसी कॉल को दूसरे डिवाइस पर आसानी से ट्रांसफर कर सकेंगे। इससे ऑनलाइन मीटिंग और ग्रुप बातचीत पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी।
ग्रुप कॉल होगी पहले से ज्यादा सुरक्षित
विदित है कि कंपनी ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 'Waiting Room' फीचर भी जोड़ा है। यदि कोई यूजर "Require Approval to Join" विकल्प के साथ कॉल लिंक बनाता है, तो लिंक खोलने वाला व्यक्ति सीधे कॉल में शामिल नहीं होगा। पहले वह वर्चुअल वेटिंग रूम में रहेगा और होस्ट की मंजूरी मिलने के बाद ही कॉल में प्रवेश कर सकेगा। इस फीचर से अनजान लोगों की एंट्री पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
कॉलिंग क्वालिटी भी होगी बेहतर
कंपनी ने कॉलिंग अनुभव को बेहतर बनाने के लिए दो नई तकनीकें भी जोड़ी हैं।
Quick HD: कॉल शुरू होते ही बेहतर हाई-डेफिनिशन वीडियो क्वालिटी मिलेगी, जिससे तस्वीर पहले की तुलना में ज्यादा साफ दिखाई देगी।
Noise Suppression: यह फीचर आसपास के शोर को कम करेगा, जिससे भीड़भाड़ वाली जगह पर भी आपकी आवाज साफ सुनाई देगी।
स्टेटस में गलती हुई? अब नहीं करना पड़ेगा डिलीट
WhatsApp ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए एक और बड़ा अपडेट जारी किया है। अब यदि स्टेटस पोस्ट करने के बाद उसके कैप्शन में कोई गलती रह जाती है तो पूरा स्टेटस हटाने की जरूरत नहीं होगी। यूजर सीधे कैप्शन एडिट कर सकेंगे।
15 मिनट तक मिलेगा एडिट करने का मौका
कंपनी ने स्टेटस कैप्शन एडिट करने के लिए 15 मिनट की समय सीमा तय की है। स्टेटस पोस्ट करने के बाद 15 मिनट के भीतर यूजर उसमें बदलाव कर सकेंगे। इसके बाद एडिट का विकल्प अपने आप बंद हो जाएगा।
कैसे बदल सकेंगे कैप्शन?
WhatsApp ने एडिटिंग को आसान बनाने के लिए दो विकल्प दिए हैं।
पहला, स्टेटस लिस्ट में जाकर सीधे "Edit Caption" का विकल्प मिलेगा।
दूसरा, अपना स्टेटस खोलने पर कैप्शन के पास दिखाई देने वाले पेंसिल आइकन पर टैप करके भी बदलाव किया जा सकेगा।
सबसे खास बात यह है कि कैप्शन बदलने के बाद देखने वालों को "Edited" का कोई लेबल दिखाई नहीं देगा।
धीरे-धीरे मिलेंगे सभी फीचर्स
फिलहाल कंपनी इन सभी फीचर्स को चरणबद्ध तरीके से दुनिया भर के यूजर्स तक पहुंचा रही है। कुछ फीचर्स पहले बीटा यूजर्स को मिल रहे हैं, जबकि आने वाले समय में इन्हें सभी Android, iPhone और WhatsApp Web यूजर्स के लिए जारी किया जाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि आज बड़ी संख्या में लोग ऑफिस और कॉलेज में लैपटॉप के जरिए काम करते हैं। ऐसे में बिना अलग ऐप डाउनलोड किए सीधे ब्राउजर से कॉलिंग की सुविधा यूजर्स का समय बचाएगी और काम को पहले से ज्यादा आसान बनाएगी। साथ ही बेहतर वीडियो क्वालिटी, स्क्रीन शेयरिंग, कॉल ट्रांसफर और वेटिंग रूम जैसे फीचर्स WhatsApp को वीडियो कॉलिंग के क्षेत्र में और मजबूत बनाएंगे।