नई दिल्ली: सितंबर 2026 में अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है तो पहले छुट्टियों की पूरी लिस्ट जरूर देख लें। नए महीने में अलग-अलग राज्यों और शहरों में त्योहारों, स्थानीय आयोजनों और अन्य अवसरों के चलते बैंक शाखाएं कई दिन बंद रहेंगी। इसके अलावा हर महीने की तरह रविवार और दूसरे व चौथे शनिवार की नियमित छुट्टियां भी रहेंगी।
15 दिन रहेगा बैंक का काम प्रभावित :
आपको बता दें कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के बैंक हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, सितंबर में अलग-अलग राज्यों को मिलाकर कुल 15 दिन बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहेगा। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि देशभर में सभी बैंक इन सभी 15 दिनों में बंद रहेंगे। कई छुट्टियां केवल संबंधित राज्य या बैंकिंग सर्किल में लागू होंगी।
4 सितंबर से शुरू होंगी छुट्टियां
गौरतलब है कि सितंबर की शुरुआत में ही बैंक अवकाश का सिलसिला शुरू हो जाएगा। 4 सितंबर को जन्माष्टमी/कृष्ण जयंती के अवसर पर कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे।
इसके बाद 11 सितंबर को जयपुर नगर निगम क्षेत्र में चुनाव के कारण संबंधित क्षेत्र में बैंक अवकाश रहेगा। 12 सितंबर को असम में श्रीमंत शंकरदेव की तिरुभाव तिथि के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे।
गणेश चतुर्थी पर कई राज्यों में छुट्टी
विदित है कि 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी, विनायक चतुर्थी और गणेश पूजा के कारण महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना, गोवा और आंध्र प्रदेश समेत कुछ राज्यों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। 15 सितंबर को संवत्सरी, नुआखाई और गणेश चतुर्थी के दूसरे दिन के अवसर पर गुजरात, ओडिशा और गोवा में बैंक अवकाश रहेगा।
21 बाद अलग-अलग धार्मिक अवसरों के कारण रहेंगे बंद:
आपको बता दें कि इसके बाद 21 सितंबर को असम और केरल में अलग-अलग धार्मिक अवसरों के कारण बैंक बंद रहेंगे। 22 सितंबर को झारखंड में करमा पूजा और 23 सितंबर को जम्मू-कश्मीर में महाराजा हरि सिंह की जयंती के कारण बैंक शाखाओं में छुट्टी रहेगी। वहीं 25 सितंबर को सिक्किम में इंद्रजात्रा के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे।
शनिवार-रविवार की छुट्टियां भी रहेंगी
क्षेत्रीय छुट्टियों के अलावा देशभर में नियमित बैंक अवकाश भी लागू होंगे। सितंबर में 6, 13, 20 और 27 सितंबर रविवार हैं। इन दिनों बैंक शाखाओं में नियमित अवकाश रहेगा। इसके अलावा 12 सितंबर दूसरा शनिवार और 26 सितंबर चौथा शनिवार होने के कारण देशभर में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
बैंक बंद, लेकिन ऑनलाइन सेवाएं चालू
बैंक शाखा बंद होने का मतलब यह नहीं है कि आपकी बैंकिंग सेवाएं भी बंद हो जाएंगी। छुट्टियों के दौरान आमतौर पर ATM, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है। UPI के जरिए पैसे भेजने, बिल भुगतान और अन्य डिजिटल लेनदेन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहती हैं। NEFT और IMPS जैसी इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसफर सेवाओं का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
इसलिए अगर आपको बैंक में जाकर चेक जमा करने, दस्तावेज जमा करने या कोई अन्य शाखा संबंधी काम करना है, तो अपने राज्य की बैंक छुट्टी देखकर ही तारीख तय करें। छुट्टियां राज्य और क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग हैं, इसलिए एक जगह बैंक बंद होने का मतलब पूरे देश में बैंक बंद होना नहीं है।