लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में मंगलवार को बड़ा फैसला हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में एक साथ 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन फैसलों का असर सीधे तौर पर लाखों युवाओं, शिक्षकों, किसानों और आम जनता पर पड़ने वाला है। सबसे ज्यादा चर्चा में शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का बढ़ा मानदेय और 25 लाख छात्रों को टैबलेट देने का ऐलान रहा।
शिक्षामित्रों के चेहरे पर आई मुस्कान
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि लंबे समय से आंदोलन और मांग कर रहे शिक्षामित्रों को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई। शिक्षामित्रों का मानदेय ₹10,000 से बढ़ाकर ₹18,000 कर दिया गया वहीं अनुदेशकों का मानदेय ₹9,000 से बढ़ाकर ₹17,000 किया गया। इससे करीब 2 लाख परिवारों को सीधा फायदा होगा। सरकार ने साफ किया कि यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल से लागू मानी जाएगी और मई से बढ़ी हुई रकम खातों में आने लगेगी।
25 लाख युवाओं को मिलेगा टैबलेट
गौरतलब है कि सरकार ने ‘स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना’ को और बड़ा करते हुए 25 लाख छात्रों को टैबलेट देने की मंजूरी दी है। इसके तहत पहले ही 60 लाख डिवाइस बांटे जा चुके। अब डिजिटल एजुकेशन को नई रफ्तार दी जा रही है। यह कदम युवाओं को टेक्नोलॉजी से जोड़ने और प्रतियोगी दुनिया के लिए तैयार करने की दिशा में बड़ा माना जा रहा है।
विस्थापित परिवारों को मिला मालिकाना हक
विदित है कि कैबिनेट ने मानवीय पहल दिखाते हुए विभाजन और CAA के तहत आए परिवारों को भूमिधर अधिकार दिया। इससे रामपुर, पीलीभीत, खीरी, बिजनौर के हजारों परिवार लाभान्वित होंगे। अब ये परिवार अपनी जमीन के कानूनी मालिक बन सकेंगे।
यूपी में बनेंगे एयरपोर्ट जैसे बस अड्डे!
परिवहन व्यवस्था को हाईटेक बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत 49 नए बस अड्डों को मंजूरी मिली है जो 52 जिलों को कवर करेगा। यहाँ एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी।
पुल, सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा दांव
विदित है कि कन्नौज में गंगा पर नया पुल बनेगा। कुशीनगर में भी नारायणी नदी पर सेतु बनेगा। जिसकी कुल लागत ₹705 करोड़+ होगी। इससे दूरी 40-50 किमी तक कम होगी।
निवेश और रोजगार का नया प्लान
गौरतलब है कि सरकार ने बड़े निवेश प्रस्तावों को भी मंजूरी दी। एथेनॉल प्लांट, सोलर प्लांट, इंडस्ट्री यूनिट्स से हजारों रोजगार के नए अवसर बनेंगे। इससे प्रदेश को औद्योगिक हब बनाने की तैयारी है।
शिक्षा और स्वास्थ्य में भी बड़ा विस्तार
नए प्रस्ताव के तहत गोरखपुर में फॉरेस्ट और हॉर्टीकल्चर यूनिवर्सिटी बनेगी। बलिया में नया मेडिकल कॉलेज बनेगा। और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो यूनिवर्सिटी बनाने की भी घोषणा हुई है।
अंबेडकर स्मारक और सामाजिक विकास
सरकार ने 4030 स्मारकों का विकास का खाका तैयार किया है। प्रति स्मारक ₹10 लाख खर्च होंगे। इससे सामाजिक न्याय और विरासत को मजबूत करने पर जोर दिया जायेगा।
योगी सरकार का यह कैबिनेट फैसला सिर्फ घोषणाओं का नहीं, बल्कि बड़े बदलाव की शुरुआत माना जा रहा है। इस फैसले से शिक्षकों को राहत, युवाओं को डिजिटल ताकत और इंफ्रास्ट्रक्चर को नई उड़ान मिलेगी।