हैदराबाद : मिस वर्ल्ड 2025 का भव्य फिनाले 31 मई को हैदराबाद के HITEX कन्वेंशन सेंटर में आयोजित हुआ। इस प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता का ताज थाईलैंड की 21 वर्षीय ओपल सुचाता चुआंगश्री ने अपने नाम किया। वहीं भारत की नंदिनी गुप्ता टॉप-20 तक पहुंचने में सफल रहीं, लेकिन टॉप-8 में अपनी जगह नहीं बना सकीं। इस साल 108 देशों की कंटेस्टेंट्स ने मुकाबले में हिस्सा लिया, और भारत में मिस वर्ल्ड फिनाले का आयोजन इतिहास में तीसरी बार हुआ।
भारत में तीसरी बार हुआ मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता :
गौरतलब है कि 72 साल के इतिहास में तीसरी बार भारत में मिस वर्ल्ड का ग्रैंड फिनाले हैदराबाद के HITEX कन्वेंशन सेंटर में हुआ। इस बार मुकाबले में 108 देशों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, लेकिन फाइनल की रेस में जब टॉप-8 का नाम लिया गया, भारत का नाम नदारद था। 21 साल की नंदिनी गुप्ता, जिन्होंने कल्चरल रैंप वॉक में शो-स्टॉपर परफॉर्मेंस दी थी, अचानक प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।
ताज जीती थाईलैंड की ओपल सुचाता :
आपको बता दें कि 21 साल की ओपल सुचाता चुआंगश्री नें न केवल ताज जीता, बल्कि थाईलैंड के इतिहास में पहली मिस वर्ल्ड बनकर नया इतिहास भी रच दिया।
जाने कौन हैं ओपल सुचाता? :
जानकारी के अनुसार ओपल सुचाता का जन्म 20 सितंबर 2003 को थाईलैंड में हुआ था। ओपल पूर्व मिस यूनिवर्स थाईलैंड 2024 रहीं हैं साथ ही मिस यूनिवर्स 2024 की थर्ड रनर-अप भी रहीं हैं। इन्होनें मिस वर्ल्ड 2025 का मल्टीमीडिया अवॉर्ड भी जीता था।
भारत की नंदिनी गुप्ता टॉप 20 तक :
रिपोर्ट के अनुसार कोटा (राजस्थान) की 21 वर्षीय नंदिनी गुप्ता ने फेमिना मिस इंडिया 2023 जीतकर वर्ल्ड स्टेज तक का सफर तय किया था, उन्होंने बिजनेस मैनेजमेंट में पढ़ाई की है। नन्दिनी पब्लिक स्पीकिंग, सोशल वर्क, कैंसर अवेयरनेस में विशेषज्ञता हासिल की हैं। साथ ही कई फैशन डिजाइनर्स की शो-स्टॉपर, सामाजिक अभियानों की आवाज़ भी रही हैं।नंदिनी ने ग्लैमर के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण पर भी अपनी बात रखी, लेकिन निर्णायकों का फैसला कुछ और था। टॉप-8 से बाहर होने के बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस में मायूसी छा गयी।
भारत के नाम हैं सबसे ज्यादा मिस वर्ल्ड खिताब :
गौरतलब है कि भारत अब भी मिस वर्ल्ड इतिहास का सबसे सफल देश है, जिनके नाम 6 खिताब दर्ज हैं:
1. रीता फारिया (1966) – पहली एशियाई मिस वर्ल्ड
2. ऐश्वर्या राय (1994)
3. डायना हेडन (1997)
4. युक्ता मुखी (1999)
5. प्रियंका चोपड़ा (2000)
6. मानुषी छिल्लर (2017)
फिनाले में सेलेब्स, म्यूजिक और कल्चर का धमाका :
गौरतलब है कि हैदराबाद के HITEX में माहौल सिर्फ सौंदर्य प्रतियोगिता का नहीं था बल्कि एक ग्लोबल कल्चरल कार्निवल था। कल्चरल राउंड में भारत की परंपरा ने सबसे ज्यादा तालियां बटोरीं। वहीं इस इवेंट में बॉलीवुड स्टार्स सोनू सूद, जैकलीन फर्नांडिस और ईशान खट्टर ने रेड कार्पेट पर ग्लैमर बिखेरा। आपको बता दें कि इंटरनेशनल मीडिया, फैशन हाउसेज और स्पॉन्सर्स की भीड़ ने इसे एक मेगा इवेंट बना दिया।
मिस वर्ल्ड 2025 की चमकदार रात ने एक बार फिर साबित कर दिया कि खूबसूरती केवल चेहरे से नहीं, विचारों और संवेदनाओं से परिभाषित होती है। थाईलैंड की ओपल सुचाता ने न केवल ताज जीता, बल्कि दुनिया को यह भी दिखाया कि संकल्प, प्रतिभा और आत्मविश्वास से किसी भी मंच को जीता जा सकता है। वहीं भारत की नंदिनी गुप्ता ने अपने प्रदर्शन से यह जता दिया कि भारतीय परंपरा, संस्कृति और स्त्री-शक्ति की चमक वैश्विक मंच पर कितनी दमदार है। भले ही ताज भारत न आ सका, लेकिन नंदिनी जैसी बेटियां देश के लिए गर्व की बात हैं।