चंडीगढ़: हरियाणा के नगर निकायों में काम करने वाले हजारों सफाई कर्मचारियों के लिए सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। पालिका रोल पर कार्यरत 13,093 सफाई कर्मचारियों को हरियाणा संविदात्मक कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 के दायरे में लाने का सैद्धांतिक निर्णय दोहराया गया है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि पात्र कर्मचारियों को 60 वर्ष की उम्र तक सेवा सुरक्षा मिलने का रास्ता साफ होगा। अभी इन कर्मचारियों को करीब 20,590 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। सरकार के नए फैसले के बाद 10 साल से ज्यादा समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों की मासिक देय राशि बढ़कर 25,560 रुपये हो जाएगी।
20,590 से बढ़कर 25,560 रुपये होगी मासिक राशि
आपको बता दें कि सरकार के मुताबिक 10 साल से अधिक समय से पालिका रोल पर काम कर रहे सफाई कर्मचारियों के लिए नई मासिक देय राशि में वेतन के साथ जोखिम भत्ता और अन्य भत्ते शामिल होंगे। प्रस्तावित राशि में 21,970 रुपये वेतन, 2,000 रुपये जोखिम भत्ता और 1,590 रुपये अन्य भत्ते शामिल होंगे। यानी मौजूदा भुगतान की तुलना में कर्मचारियों को सीधा आर्थिक फायदा मिलेगा।
हर 6 महीने में बढ़ेगा महंगाई भत्ता
गौरतलब है कि सरकार ने सिर्फ वेतन बढ़ाने की बात नहीं कही है, बल्कि कर्मचारियों की आय को समय के साथ बढ़ाने की भी तैयारी है। सरकार के अनुसार वेतन में हर वर्ष वृद्धि होगी और महंगाई भत्ते में हर छह महीने बाद बढ़ोतरी की जाएगी। इससे महंगाई बढ़ने के साथ कर्मचारियों की आमदनी में भी समय-समय पर इजाफा हो सकेगा।
₹2 हजार का जोखिम भत्ता भी मिलेगा
सफाई कर्मचारियों का काम जोखिम भरा माना जाता है। इसी को देखते हुए सरकार ने मौजूदा मासिक भुगतान के अतिरिक्त 2,000 रुपये प्रतिमाह जोखिम भत्ता देने पर सहमति जताई है। इस फैसले को कर्मचारियों के काम की प्रकृति को देखते हुए अहम माना जा रहा है। सरकार का कहना है कि शहरों की सफाई और जरूरी नागरिक सेवाओं को बनाए रखने में सफाई कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ग्रेच्युटी और मातृत्व अवकाश जैसे लाभ
विदित है कि अधिनियम के दायरे में आने वाले पात्र कर्मचारियों को कई सामाजिक सुरक्षा लाभ मिलने का रास्ता भी खुलेगा। इनमें वार्षिक महंगाई भत्ता, डेथ-कम-रिटायरमेंट ग्रेच्युटी और मातृत्व अवकाश जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड (HKRNL) के तहत पात्र कर्मचारियों को एक्स-ग्रेशिया वित्तीय सहायता और नियुक्ति जैसी सुविधाएं भी मिल सकती हैं।
नौकरी जाने की चिंता होगी कम
इस फैसले का सबसे बड़ा असर सेवा सुरक्षा पर पड़ सकता है। 60 वर्ष की उम्र तक सेवा सुरक्षा मिलने से पात्र सफाई कर्मचारियों को नौकरी के भविष्य को लेकर पहले की तुलना में ज्यादा स्थिरता मिलेगी। सरकार ने यह भी कहा है कि कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों के लगभग समान कई लाभ देने की दिशा में कदम उठाया जा रहा है। साथ ही ग्रेच्युटी का लाभ सुनिश्चित करने पर भी सहमति जताई गई है।
सरकार ने क्यों लिया फैसला?
सरकार का कहना है कि सफाई कर्मचारी शहरों की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। ऐसे में उनके सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक भविष्य को मजबूत करना जरूरी है।
हरियाणा सरकार के इस फैसले से पालिका रोल पर काम कर रहे हजारों सफाई कर्मचारियों को एक साथ कई फायदे मिलने की उम्मीद है- 60 साल तक सेवा सुरक्षा, 25,560 रुपये तक मासिक देय राशि, 2,000 रुपये जोखिम भत्ता, हर साल वेतन वृद्धि और हर छह महीने DA में बढ़ोतरी। हालांकि इन लाभों का वास्तविक क्रियान्वयन संबंधित पात्रता और सरकारी प्रक्रिया के अनुसार होगा।