नई दिल्ली/हरियाणा : हरियाणा के विवादित यूट्यूबर अरमान मलिक और उनकी दोनों पत्नियों पायल व कृतिका मलिक की मुश्किलें दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं। अब पटियाला कोर्ट में उनके खिलाफ एक और कानूनी शिकंजा कस गया है। वजह बनी है हिंदू विवाह कानून का उल्लंघन और देवी-देवताओं के स्वरूप का 'अपमानजनक' इस्तेमाल। यही नहीं, इस पूरे विवाद के बीच पायल की तबीयत भी खराब हो गई, जिसे लेकर उन्हें मोहाली के एक अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बताया जा रहा है कि वे डिप्रेशन में चली गई थीं।
वकील ने कोर्ट में क्या कहा?
आपको बता दें कि पटियाला कोर्ट में यह याचिका एडवोकेट दविंदर राजपूत ने दाखिल की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि अरमान मलिक और उनकी पत्नियों ने भारतीय विवाह कानून का खुलेआम उल्लंघन किया है। अरमान ने सोशल मीडिया पर दो पत्नियों के साथ सार्वजनिक रूप से रिश्ते को दिखाकर हिंदू मैरिज एक्ट को चुनौती दी है। इसके अलावा, पायल ने मां काली के स्वरूप में एक वीडियो बनाया, जिसे उन्होंने अशोभनीय बताया और कहा कि इससे हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
कोर्ट के अलावा पुलिस, SSP, DGP तक शिकायत :
गौरतलब है कि एडवोकेट दविंदर ने सिर्फ कोर्ट में ही याचिका दाखिल नहीं की, बल्कि पंजाब के डीजीपी और पटियाला एसएसपी को भी ईमेल और लिखित रूप में शिकायत भेजी है।उनकी मांग है कि तीनों के सोशल मीडिया अकाउंट्स को स्थायी रूप से बंद किया जाए। भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कर इन्हें सजा दी जाए। बहुविवाह, धार्मिक प्रतीकों के अपमान जैसे मामलों को गंभीरता से लिया जाए।
पायल की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती :
विदित है कि इस विवाद के बीच अरमान की पहली पत्नी पायल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार, डिप्रेशन और मानसिक तनाव के चलते उन्हें मोहाली के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। शिवसेना हिंद के राष्ट्रीय प्रधान निशांत शर्मा ने बताया कि अब उनकी तबीयत में सुधार है।
मंदिर पहुंचकर मांगी थी माफी :
गौरतलब है कि इससे पहले, विवादित वीडियो के बाद पायल मलिक अपने पति के साथ पटियाला के काली माता मंदिर पहुंचीं और माफी मांगी। वहां उन्हें सात दिन तक मंदिर सेवा की 'धार्मिक सजा' दी गई। पायल ने कहा था कि हमारा इरादा किसी की भावना को ठेस पहुंचाने का नहीं था। आगे से ऐसी गलती नहीं दोहराएंगे।
अरमान-पायल से जुड़े अब तक के टॉप 5 विवाद :
1. बिग बॉस में बहुविवाह का प्रदर्शन : अरमान अपनी दोनों पत्नियों के साथ 'Bigg Boss OTT-3' में नजर आए, जहां उन्हें बहुपत्नीवाद को बढ़ावा देने का आरोप झेलना पड़ा।
2. थप्पड़ विवाद : शो के दौरान अरमान ने कंटेस्टेंट विशाल पांडे को थप्पड़ मार दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया।
3. तीसरी शादी की अफवाह : सोशल मीडिया पर खबर उड़ी कि अरमान ने अपनी केयरटेकर से तीसरी शादी कर ली है, हालांकि बाद में उन्होंने इन खबरों को खारिज कर दिया।
4. हरिद्वार में मारपीट मामला : एक यूट्यूबर के खिलाफ फिजिकल अटैक का मामला सामने आया, जिसे लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज हुई।
5. मां काली वीडियो विवाद : पायल द्वारा मां काली के रूप में वीडियो बनाने को हिंदू संगठनों ने धार्मिक अपमान बताया, जिससे तगड़ा विवाद खड़ा हो गया।
अब आगे क्या?
पंजाब की अदालत में केस दर्ज होने के बाद अरमान और उनकी पत्नियों पर कानूनी कार्रवाई तय मानी जा रही है। अगर कोर्ट ने याचिका को गंभीरता से लिया, तो सोशल मीडिया अकाउंट बंद हो सकते हैं साथ ही धार्मिक अपमान का केस दर्ज हो सकता है। वहीं बहुविवाह के आरोप में कानूनी कार्यवाही हो सकती है।
अब यह देखना दिलचस्प क्या सोशल मीडिया की सनसनी के लिए अरमान मलिक और उनकी फैमिली ने कानून और धर्म की सीमाएं लांघ दीं? क्या अब उन्हें सिर्फ माफी से राहत मिलेगी या कानून की सजा पाएंगे।