मनोरंजन: आज बॉलीवुड के ‘सिंघम’ अजय देवगन 57 साल के हो गए हैं। 2 अप्रैल 1969 को मुंबई में जन्मे अजय ने 35 साल के करियर में 16 से ज्यादा 100 करोड़ क्लब वाली फिल्में दी हैं और 4 नेशनल अवॉर्ड जीते हैं। उनकी नेटवर्थ करीब 450 करोड़ रुपये है। लेकिन अजय देवगन की कहानी सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है। आइए जानते हैं उनकी जिंदगी के वो दिलचस्प किस्से जो उनकी जिंदगी को खास बनाते हैं-
पिता थे गैंगस्टर, बेटा बना सुपरस्टार
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अजय देवगन के पिता वीरू देवगन एक समय गैंगस्टर थे। वे कम उम्र में घर से भागकर मुंबई आ गए थे। पैसे और रहने की जगह न होने पर उन्हें जेल जाना पड़ा। बाद में उन्होंने स्टंट मैन के रूप में करियर बनाया और 80-90 के दशक में इंडस्ट्री के सबसे बड़े स्टंट डायरेक्टर बन गए।
15 साल की उम्र में बना डाली स्पेशल इफेक्ट्स
गौरतलब है कि अजय देवगन बचपन से ही फिल्मों से जुड़े थे। 8-9 साल की उम्र में उन्हें कैमरा और शूटिंग की समझ आने लगी थी। 15 साल की उम्र तक वे स्पेशल इफेक्ट्स भी करने लगे थे। कॉलेज के दिनों में वे काफी मस्तीखोर थे। उन्होंने खुद बताया कि वे दो बार जेल जा चुके हैं। एक बार तो वे अपने पिता की बंदूक चुपके से निकालकर बाहर ले गए थे।
‘फूल और कांटे’ से डेब्यू, बड़ी फिल्म को दी मात
विदित है कि 1991 में अजय की पहली फिल्म ‘फूल और कांटे’ रिलीज हुई। दो चलती बाइकों पर खड़े होकर की गई उनकी एंट्री आइकॉनिक बन गई। यह फिल्म यश चोपड़ा की ‘लम्हे’ (श्रीदेवी-अनिल कपूर) के साथ रिलीज हुई थी। अनिल कपूर ने अजय को सलाह दी थी कि इतनी बड़ी फिल्म के सामने डेब्यू फिल्म रिलीज करना जोखिम भरा है। लेकिन नतीजा उल्टा आया ‘लम्हे’ फ्लॉप हुई, जबकि ‘फूल और कांटे’ सुपरहिट रही।
नहाते वक्त फिल्म ‘जख्म’ के लिए हामी भरी, मिला नेशनल अवॉर्ड
अजय ने बताया था कि वे हैदराबाद में शूटिंग कर रहे थे। होटल के कमरे में वे शावर ले रहे थे, तभी लैंडलाइन पर फोन आया। कॉल पर महेश भट्ट थे। उन्होंने कहा कि वह अपनी जिंदगी की आखिरी फिल्म डायरेक्ट कर रहे हैं। अजय ने कहा, “मैं नहा रहा हूं और फिल्म कर रहा हूं।” उसी तरह ‘जख्म’ फिल्म बनी और अजय को इसके लिए पहला नेशनल अवॉर्ड (बेस्ट एक्टर) मिला।
जावेद जाफरी के खाने में भांग मिला दी थी
आपको बता दें कि अजय देवगन अपने प्रैंक के लिए मशहूर हैं। एक्टर जावेद जाफरी ने बताया था कि फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ की शूटिंग के दौरान महाशिवरात्रि पर अजय ने मजाक में खाने में भांग मिला दी। जावेद ने बताया कि वे न शराब पीते हैं, न सिगरेट पीते हैं। उन्होंने अनजाने में वह खाना खा लिया। हालत इतनी खराब हो गई कि उन्हें लगा कि वे ब्लैक होल में गिर रहे हैं। उन्होंने वसीयत लिखवाने की भी सोच ली थी। बाद में पता चला कि यह अजय का मजाक था।
रसगुल्ले को शराब में भिगोकर खाते थे
आपको बता दें कि अजय ने बताया था कि शूटिंग के दौरान उनके पास ड्रिंक करने का समय नहीं होता था। इसलिए उन्होंने एक अनोखा तरीका निकाला – ‘रसगुल्ला लिकर शॉट’। वे रसगुल्ले को निचोड़कर उसकी चाशनी निकाल देते थे, पानी से धोते थे, फिर उसे अपनी पसंदीदा शराब में डाल देते थे। रसगुल्ला स्पंज की तरह सारी शराब सोख लेता था।
काजोल ने अजय को पहली बार देखकर ‘खड़ूस’ कहा था
विदित है कि 1995 में फिल्म ‘हलचल’ के सेट पर अजय और काजोल की पहली मुलाकात हुई। काजोल ने पहली बार अजय को देखा तो वे उन्हें बहुत खड़ूस लगे। लेकिन धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ी। दोनों उस समय अलग-अलग रिश्तों में थे, लेकिन एक-दूसरे से बातें शेयर करते थे। करीब चार साल बाद 24 फरवरी 1999 को दोनों ने शादी कर ली। उनकी शादी को 25 साल से ज्यादा हो चुके हैं।
फ्लॉप के बाद भी नहीं छोड़ा रोहित शेट्टी का साथ
रोहित शेट्टी ने अजय की पहली फिल्म ‘फूल और कांटे’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम किया था। जब रोहित ने डायरेक्टर बनने का फैसला किया, तो अजय ने उन्हें 2003 में ‘जमीन’ से पहला ब्रेक दिया। फिल्म फ्लॉप रही। जब रोहित ने दूसरी फिल्म ‘गोलमाल’ के लिए अजय को फोन किया, तो अजय ने कहा, “तेरे को जो फिल्म बनानी है बना, मैं तेरे साथ खड़ा हूं क्योंकि तेरी पहली फिल्म नहीं चली थी।” ‘गोलमाल’ हिट हुई और बाकी इतिहास है।
आने वाली फिल्में:
•हैप्पी बर्थडे जोशी – आज (2 अप्रैल) रिलीज हो गई है (पहली Gen-AI फिल्म)
•धमाल 4 – 12 जून 2026
•दृश्यम 3 – 2 अक्टूबर 2026
गैंगस्टर के बेटे से लेकर बॉलीवुड के ‘सिंघम’ तक, प्रैंकस्टर से लेकर 4 बार नेशनल अवॉर्ड विजेता तक। अजय देवगन की 57 साल की जिंदगी में संघर्ष, मस्ती और कामयाबी की अनगिनत कहानियां छिपी हैं। उन्होंने कभी किसी को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया, न ही कभी किसी के साथ धोखा किया। फ्लॉप के बाद भी रोहित शेट्टी का साथ नहीं छोड़ा, कॉलेज में दो बार जेल गए, पिता की बंदूक निकाल ले गए, और आज 450 करोड़ की नेटवर्थ के मालिक हैं।