'ग्रेटर गाजियाबाद' बनने की तैयारी तेज!: निगम अधिकारियों के बैठक में क्षेत्रफल पर हुई चर्चा, लोनी सहित ये नगरपालिकाएं होंगी शामिल
'ग्रेटर गाजियाबाद' बनने की तैयारी तेज!

गाजियाबाद : गाजियाबाद अब सिर्फ गाजियाबाद नहीं रहेगा जल्द ही यह "ग्रेटर गाजियाबाद" के नाम से जाना जाएगा। नगर निगम की सीमाओं को बढ़ाकर शहर का आकार दोगुना करने की तैयारी शुरू हो गई है। लोनी और खोड़ा जैसे घनी आबादी वाले इलाकों के साथ-साथ आसपास की कई नगरपालिकाएं और ग्रामीण क्षेत्र भी इस नए निगम का हिस्सा बनेंगे।

सीएम के निर्देश के बाद तेज हुई रफ्तार :
आपको बता दें कि करीब दो महीने पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद के विकास के लिए बड़े निर्देश दिए थे। उसी कड़ी में गुरुवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने प्रशासनिक और निगम अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में ADM प्रशासन रणविजय सिंह, प्रभारी संपत्ति पल्लवी सिंह और संपत्ति विभाग की पूरी टीम मौजूद रही। मेज पर नक्शा फैला, मार्कर हाथ में थे और चर्चा हो रही थी, गाजियाबाद को कहां-कहां तक फैलाना है, किन-किन इलाकों को जोड़ना है।

किन इलाकों को मिलेगा ‘ग्रेटर गाजियाबाद’ का टैग :
गौरतलब है कि लोनी और खोड़ा जो अब तक अलग पहचान रखने वाले क्षेत्र थे अब ये क्षेत्र सीधे नगर निगम का हिस्सा बन जाएंगे। साथ ही कई नगरपालिकाएं और ग्रामीण क्षेत्र इसमें शामिल होंगे। प्राधिकरण की आसपास की कई छोटी नगरपालिकाओं और गांवों को भी निगम की सीमा में लाने की तैयारी है। विस्तार के बाद शहर का भौगोलिक आकार और आबादी दोनों में भारी इजाफा होगा।

सिर्फ नक्शा ही नहीं, विकास का पैमाना भी बढ़ेगा :
आपको बता दें कि अधिकारियों का कहना है कि सीमाएं बढ़ने के साथ शहर के विकास कार्यों को भी नए स्तर पर ले जाया जाएगा। रोड, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, पार्क, सफाई और बुनियादी ढांचे की योजनाएं ‘ग्रेटर’ पैमाने पर तैयार होंगी। शासन के निर्देशों के मुताबिक सभी विभागों के बीच तालमेल बनाकर यह योजना तेजी से आगे बढ़ रही है।

नगर आयुक्त का बयान :
गौरतलब है कि नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि : “गाजियाबाद को ग्रेटर गाजियाबाद के रूप में विस्तार देने का काम चल रहा है। सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। क्षेत्रफल बढ़ने के साथ शहर की रफ्तार भी बढ़ेगी।”

अगर सब कुछ योजना के मुताबिक चला तो आने वाले महीनों में गाजियाबाद का नक्शा बदल जाएगा और शहर के लोग एक बिल्कुल नए रूप में ग्रेटर अंदाज में जिंदगी जीते नजर आएंगे।

अन्य खबरे