दिल्ली में अब जन्म से कॉलेज तक बेटी की पढ़ाई का जिम्मा उठाएगी सरकार!: ‘लखपति बिटिया योजना 2026’ का ऐलान; जानें किन परिवारों को मिलेगा लाभ और आवेदन की प्रक्रिया
दिल्ली में अब जन्म से कॉलेज तक बेटी की पढ़ाई का जिम्मा उठाएगी सरकार!

नई दिल्ली : राजधानी में बेटियों के भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। दिल्ली सरकार ने “लखपति बिटिया योजना 2026” की शुरुआत का ऐलान किया है। इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक आर्थिक सहायता दी जाएगी, ताकि पैसों की कमी के कारण किसी भी बेटी की पढ़ाई बीच में न रुके। सरकार का कहना है कि यह योजना पुरानी ‘लाडली योजना’ का विस्तारित और मजबूत संस्करण है। अब पहले से ज्यादा आर्थिक सहायता दी जाएगी और राशि 21 वर्ष की आयु पर एक लाख रुपये से अधिक हो जाएगी।

क्या है लखपति बिटिया योजना?

आपको बता दें कि इस योजना के तहत सरकार बेटी के नाम पर अलग-अलग चरणों में कुल 56,000 रुपये जमा करेगी। यह राशि समय-समय पर दी जाएगी और जब बेटी 21 साल की होगी, तब ब्याज समेत यह रकम 1 लाख रुपये से ज्यादा हो जाएगी। पहले यह राशि 18 साल पर मिलती थी, लेकिन अब इसे 21 साल कर दिया गया है, ताकि बेटियां ग्रेजुएशन या डिप्लोमा जैसी पढ़ाई पूरी कर सकें।

किन परिवारों को मिलेगा लाभ?

गौरतलब है कि सरकार ने योजना का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें तय की हैं:

•परिवार की सालाना आय 1.20 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए

•परिवार पिछले कम से कम 3 साल से दिल्ली में रह रहा हो

•बेटी का जन्म दिल्ली में हुआ हो

•एक परिवार की अधिकतम दो बेटियां ही लाभ ले सकती हैं

•बेटी का संस्थान सरकारी या UGC मान्यता प्राप्त होना चाहिए (यदि उच्च शिक्षा में है)

•आवेदन बेटी के जन्म के एक साल के भीतर या उसकी पढ़ाई के दौरान भी किया जा सकता है।

7 चरणों में मिलेगी आर्थिक मदद

विदित है कि सरकार ने सहायता राशि को सात महत्वपूर्ण पड़ावों में बांटा है:

  1. जन्म पर – 11,000 रुपये

  2. पहली कक्षा में प्रवेश – 5,000 रुपये

  3. छठी कक्षा में प्रवेश – 5,000 रुपये

  4. नौवीं कक्षा में प्रवेश – 5,000 रुपये

  5. दसवीं पास करने पर – 5,000 रुपये

  6. बारहवीं कक्षा में प्रवेश – 5,000 रुपये

  7. कॉलेज/डिप्लोमा शुरू करने पर – 20,000 रुपये

इन किस्तों के जरिए सरकार बेटी की पढ़ाई को हर महत्वपूर्ण मोड़ पर आर्थिक सहारा देगी।

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

आपको बता दें कि पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी। आवेदन करते समय इन दस्तावेजों की जरूरत पड़ेगी:

आय प्रमाण पत्र

दिल्ली निवास प्रमाण पत्र (3 साल का प्रमाण)

बेटी का जन्म प्रमाण पत्र

आधार कार्ड

आधार से लिंक बैंक खाता

स्कूल या कॉलेज में प्रवेश का प्रमाण

पैसा कैसे मिलेगा?

गौरतलब है कि योजना पूरी होने पर मैच्योरिटी की राशि सीधे बेटी के आधार लिंक बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और पूरी पारदर्शिता बनी रहेगी।

क्यों खास है यह योजना?

विशेषज्ञों का मानना है कि यह योजना न सिर्फ आर्थिक मदद देगी, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देगी। इससे गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी और बेटियां बिना आर्थिक चिंता के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी।

दिल्ली सरकार का दावा है कि “लखपति बिटिया योजना 2026” से हजारों बेटियों को सीधा फायदा मिलेगा और राजधानी में महिला शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी।

अन्य खबरे