चाइल्ड पोर्नोग्राफी वीडियो डाउनलोड करने पर M.Sc के छात्र पर FIR!: गृह मंत्रालय के इनपुट के बाद मोबाइल...जानें कैसी सामग्री डाउनलोड करना बन सकता हैं अपराध और पहुंचा सकता हैं हवालात?
चाइल्ड पोर्नोग्राफी वीडियो डाउनलोड करने पर M.Sc के छात्र पर FIR!

हल्द्वानी: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में बच्चों से जुड़े यौन शोषण की सामग्री डाउनलोड किए जाने का मामला सामने आने के बाद साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में MSc प्रथम वर्ष के एक छात्र के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। गृह मंत्रालय के अधीन इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। टीम छात्र के घर पहुंची और उसके साथ परिवार के मोबाइल फोन भी जांच के लिए कब्जे में ले लिए। छात्र को नोटिस जारी कर आगे की जांच में सहयोग करने को कहा गया है। मामला काठगोदाम थाना क्षेत्र के दमुवाढूंगा स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, छात्र के मोबाइल फोन पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री डाउनलोड किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद कुमाऊं साइबर थाना पुलिस ने मामले की तकनीकी जांच शुरू की।

गृह मंत्रालय की साइबर टिपलाइन से मिला सुराग

आपको बता दें कि पुलिस को यह जानकारी I4C की साइबर टिपलाइन रिपोर्ट के जरिए मिली थी। यह संस्था देश में साइबर अपराध से संबंधित सूचनाओं के समन्वय और विश्लेषण में भूमिका निभाती है। इनपुट मिलने के बाद कुमाऊं यूनिट की साइबर पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की। शनिवार शाम साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम छात्र के घर पहुंची। साइबर कमांडो की मदद से मोबाइल फोन की तकनीकी जांच की गई। पुलिस ने छात्र के साथ उसकी मां के मोबाइल फोन के इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं को भी खंगाला। जांच के लिए मोबाइल फोन और जरूरी डिजिटल सामग्री अपने कब्जे में ली गई है।

WhatsApp ग्रुप के कनेक्शन की भी जांच

गौरतलब है कि प्रारंभिक जांच में छात्र के WhatsApp पर 'TW CLASS' नाम के एक ग्रुप से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, तरुण बृजवासी नाम के व्यक्ति ने उसे इस ग्रुप में जोड़ा था। अब जांच की जा रही है कि इस ग्रुप में किसी तरह की प्रतिबंधित सामग्री साझा की गई थी या नहीं। पुलिस ग्रुप के अन्य सदस्यों, संदेशों और छात्र की डिजिटल गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है। इसके अलावा यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कथित सामग्री डाउनलोड करने, रखने या साझा करने में किसकी क्या भूमिका रही।

पोलैंड जाने की जानकारी भी आई सामने

जांच के दौरान पुलिस को छात्र के सितंबर 2025 में पोलैंड जाने की जानकारी भी मिली। बताया गया है कि वह वहां करीब ढाई महीने रहने के बाद भारत लौटा था। साइबर पुलिस विदेश में रहने के दौरान की उसकी डिजिटल गतिविधियों की भी जांच कर रही है। हालांकि, विदेश यात्रा का इस मामले से कोई सीधा संबंध है या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

ऐसी सामग्री डाउनलोड करना भी बन सकता है अपराध

भारत में बच्चों से संबंधित यौन शोषण सामग्री को बनाना, साझा करना और प्रसारित करना गंभीर अपराध है। सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67B और पॉक्सो अधिनियम की धारा 15 के तहत ऐसे मामलों में कार्रवाई का प्रावधान है। परिस्थितियों और अपराध की प्रकृति के आधार पर सजा तय होती है। केवल किसी WhatsApp ग्रुप का सदस्य होना अपने आप में अपराध साबित नहीं करता। इसके लिए यह जांचना जरूरी है कि संबंधित व्यक्ति की सामग्री तक क्या पहुंच थी और उसने जानबूझकर उसे डाउनलोड, स्टोर या साझा किया था या नहीं।

सोशल मीडिया पर ऐसी सामग्री दिखे तो क्या करें?

अगर किसी को सोशल मीडिया या इंटरनेट पर बच्चों से जुड़ी यौन शोषण सामग्री दिखाई देती है, तो उसे डाउनलोड करने, सेव करने या आगे भेजने से बचना चाहिए। संबंधित प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट करने के साथ भारत सरकार के साइबर क्राइम पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत की जा सकती है।

फिलहाल पुलिस ने FIR दर्ज कर डिजिटल साक्ष्य जांच के लिए भेजे हैं। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर की जाएगी।

अन्य खबरे