जानिए कौन हैं भारतीय पायलट स्मित मच्छार जिन्होंने बचायी 174 जिंदगियां!: सिर पर चाकू के घाव, चारों तरफ खून, लेकिन तभी...स्मित मच्छार ने इस तरह टाला दुनिया का बड़ा विमान हादसा
जानिए कौन हैं भारतीय पायलट स्मित मच्छार जिन्होंने बचायी 174 जिंदगियां!

नई दिल्ली/दुबई : 30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में अचानक ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने विमान में सवार यात्रियों की जान जोखिम में डाल दी। उड़ान के दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच हिंसक झड़प हुई और भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिससे क्रू और यात्रियों को अंदर पहुंचकर स्थिति संभालने का मौका मिला। विमान बाद में सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया। इस घटना की जांच अभी जारी है।

34 हजार फीट से अचानक नीचे आया विमान

आपको बता दें कि फ्लाइट FZ1073 बोइंग 737 MAX 8 थी और इसमें 174 लोग सवार थे। उड़ान के दौरान विमान ने आपातकालीन संकेत प्रसारित किए। रिपोर्टों के मुताबिक विमान कुछ ही समय में करीब 14,000 फीट नीचे आ गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छार और सह-पायलट के बीच गंभीर संघर्ष हुआ। शुरुआती रिपोर्टों में सह-पायलट द्वारा स्मित पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि घटना के पीछे की पूरी वजह और मकसद की आधिकारिक जांच चल रही है।

गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी खोला कॉकपिट का दरवाजा

हमले में घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। यह कदम बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ, क्योंकि इसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों को कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू करने का अवसर मिला। भारतीय पायलट ने बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत में भी बताया कि उन्होंने हमले के दौरान कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की थी।

यात्रियों ने संभाली स्थिति, दूसरे पायलटों ने उड़ाया विमान

गौरतलब है कि घटना के बाद यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू किया। संयोग से फ्लाईदुबई के दो ऑफ-ड्यूटी पायलट भी विमान में यात्री के रूप में मौजूद थे। उन्होंने कॉकपिट संभाला और विमान को तेल अवीव के बजाय सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा। विमान में सवार सभी 174 लोग इस घटना में सुरक्षित रहे।

कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार?

स्मित मच्छार भारतीय नागरिक और फ्लाईदुबई के कैप्टन हैं। वे जून 2022 से फ्लाईदुबई के बोइंग 737 बेड़े में कैप्टन के रूप में काम कर रहे हैं। इससे पहले वह स्पाइसजेट में भी वरिष्ठ कमांडर और लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के तौर पर काम कर चुके हैं। रिपोर्टों के अनुसार उनके पास करीब 9,750 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव है। उनका एविएशन करियर भी दिलचस्प रहा है। पायलट बनने से पहले उन्होंने टेक्सटाइल इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट की पढ़ाई की थी। बाद में एविएशन में रुचि बढ़ने के बाद उन्होंने न्यूजीलैंड में कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग ली और विमानन क्षेत्र में करियर शुरू किया।

अभी अस्पताल में चल रहा इलाज

आपको बता दें कि घटना के बाद कैप्टन स्मित को सऊदी अरब के तबूक में अस्पताल में भर्ती कराया गया। भारतीय दूतावास के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनसे फोन पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके साहस की सराहना की। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन स्मित की भूमिका की सार्वजनिक रूप से प्रशंसा की है। हालांकि घटना के पीछे सह-पायलट का वास्तविक मकसद क्या था, इस पर जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

एक नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ान में कुछ ही मिनटों के भीतर पैदा हुआ यह संकट अब विमानन सुरक्षा के लिए भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम, कॉकपिट में हुई झड़प और हमले के कारणों की पड़ताल कर रही हैं।

अन्य खबरे