यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे बनने जा रहा 'न्यू आगरा'!: नोएडा की तर्ज पर YIEDA बसाएगा आधुनिक शहर; 3 चरणों में और 15 लाख लोगों को...आवास, पर्यटन, मनोरंजन, खेलकूद संबंधी सुविधाएं और पर्यावरण_एक नज़र
यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे बनने जा रहा 'न्यू आगरा'!

आगरा : उत्तर प्रदेश में विकास की रफ्तार को नई दिशा देने के लिए एक बड़ा और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट सामने आया है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने मास्टर प्लान 2041 के तहत नोएडा के तर्ज पर “न्यू आगरा” बसाने की योजना तैयार की है। करीब 14,480 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाला यह आधुनिक शहर आने वाले समय में पर्यटन, रोजगार और मनोरंजन का बड़ा केंद्र बनने की तैयारी में है। इस नए शहर में लगभग 15 लाख लोगों के रहने और काम करने की व्यवस्था की जाएगी। इसे तीन चरणों में विकसित किया जाएगा, ताकि योजनाओं को व्यवस्थित तरीके से लागू किया जा सके।

पर्यटन और मनोरंजन का बड़ा हब बनेगा नया शहर

आपको बता दें कि मास्टर प्लान के अनुसार नया आगरा केवल आवासीय या औद्योगिक शहर नहीं होगा, बल्कि इसे पर्यटन और मनोरंजन का आधुनिक केंद्र बनाया जाएगा। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए यहां बोटिंग, रिवर फ्रंट और वॉकवे जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही करीब 823.7 हेक्टेयर में ग्रीन रिवर बफर जोन बनाया जाएगा, जहां रंग-बिरंगे फूलों और दुर्लभ पेड़-पौधों की कई प्रजातियां लगाई जाएंगी। यह क्षेत्र पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।

वेलनेस टूरिज्म पर रहेगा खास जोर

गौरतलब है कि नया आगरा “वेलनेस टूरिज्म” के लिए भी खास पहचान बनाएगा। यहां योग, आयुर्वेदिक उपचार, प्राकृतिक चिकित्सा और स्वास्थ्य से जुड़ी कई गतिविधियां होंगी। इसके लिए एक विशेष बायोफिलिक वेलनेस सेंटर बनाया जाएगा, जहां लोग प्रकृति के बीच स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।

खेल गांव और गोल्फ कोर्स भी होंगे तैयार

मास्टर प्लान में खेल और मनोरंजन को भी प्रमुख स्थान दिया गया है। इसके तहत 100 हेक्टेयर में गोल्फ कोर्स, 100 हेक्टेयर में स्पोर्ट्स विलेज (खेल गांव) और 40 हेक्टेयर में बायोडायवर्सिटी पार्क बनाए जाएंगे। इसके अलावा पूरे शहर में करीब 460 हेक्टेयर क्षेत्र को ग्रीन और मनोरंजन क्षेत्र के रूप में सुरक्षित रखा जाएगा।

लग्जरी होटल, रिसोर्ट और थीम पार्क

विदित है कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शहर में 405 हेक्टेयर क्षेत्र को विशेष पर्यटन जोन के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां कई आधुनिक सुविधाएं होंगी, जैसे:

•लग्जरी और बजट होटल
•रिसोर्ट
•एग्जीबिशन और ट्रेड सेंटर
•थीम पार्क
•वेलनेस सेंटर
•रिवर फ्रंट

इसके अलावा शहर में ग्रीन बेल्ट के तहत दो शहर स्तरीय और चार जिला स्तरीय बड़े पार्क भी बनाए जाएंगे।

ताजमहल की सुंदरता को नहीं होगा नुकसान

नया आगरा ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) के अंतर्गत आता है। इसलिए यहां प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों को अनुमति नहीं दी जाएगी। केवल ऐसे उद्योगों को प्राथमिकता मिलेगी जिनका प्रदूषण स्कोर 20 से कम होगा, ताकि ताजमहल की सुंदरता और पर्यावरण सुरक्षित रह सके।

15 लाख लोगों के लिए रोजगार और आवास

आपको बता दें कि सरकार का दावा है कि नए शहर में करीब 15 लाख लोगों के लिए रोजगार और आवास की व्यवस्था होगी। इससे आगरा और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी और स्थानीय लोगों को नए अवसर मिलेंगे।

जाने क्या है यीडा?

यमुनाएक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (Yamuna Expressway Industrial Development Authority - YEIDA) का गठन 11 अप्रैल 2001 को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किया गया था। इसका उद्देश्य यमुना एक्सप्रेसवे के दोनों ओर के क्षेत्रों में सुनियोजित औद्योगिक, आवासीय, वाणिज्यिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा देना है। यह प्राधिकरण ग्रेटर नोएडा से लेकर आगरा तक फैले क्षेत्र में विकास की बड़ी योजनाओं को लागू करता है, जिनमें जेवर एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और सेमीकंडक्टर हब जैसे मेगा प्रोजेक्ट शामिल हैं।

अधिकारियों के अनुसार मास्टर प्लान को बोर्ड बैठक में प्रस्तुत किया जा चुका है और इस पर आम लोगों से सुझाव व आपत्तियां मांगी जा रही हैं। इसके बाद अंतिम मंजूरी मिलने पर शहर को विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। “नया आगरा” आने वाले वर्षों में पर्यटन, संस्कृति, रोजगार और आधुनिक शहरी सुविधाओं का एक बड़ा केंद्र बन सकता है।

अन्य खबरे