अलीगढ़ में 165 एकड़ क्षेत्र में बसने जा रहा 'ग्रेटर अलीगढ़'!: 460 वर्ग मीटर तक के 1000 से ज्यादा भूखंड से बनेगी नई टाउनशिप, जानिए कहाँ होगा निर्माण और क्या रहेगी इनकी प्रस्तावित कीमतें
अलीगढ़ में 165 एकड़ क्षेत्र में बसने जा रहा 'ग्रेटर अलीगढ़'!

अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। लंबे समय से इंतजार की जा रही अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (ADA) की ‘ग्रेटर अलीगढ़ आवासीय योजना’ अब लॉन्च होने की दिशा में आगे बढ़ रही है। करीब तीन साल से अटकी इस योजना में रेरा की ओर से उठाई गई आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया है। प्राधिकरण की तरफ से जरूरी दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। अब रेरा से पंजीकरण नंबर मिलने का इंतजार है। इसके बाद योजना की लॉन्चिंग और आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा।

165 एकड़ में विकसित होंगे आवासीय प्लॉट

आपको बता दें कि ग्रेटर अलीगढ़ योजना के पहले चरण में सेक्टर-2 और सेक्टर-3 के अंतर्गत लगभग 165 एकड़ यानी करीब 70 हेक्टेयर जमीन पर आवासीय भूखंड विकसित किए जाएंगे। इस चरण में करीब 890 प्लॉट प्रस्तावित हैं। हालांकि, कुछ रिपोर्टों में इनकी संख्या 1000 से अधिक बताई गई है। अंतिम संख्या प्राधिकरण की आधिकारिक योजना और विज्ञापन से स्पष्ट होगी। योजना में अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 72 वर्गमीटर से लेकर 450 वर्गमीटर तक के प्लॉट रखने का प्रस्ताव है। यानी छोटे परिवारों से लेकर बड़े मकान बनाने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए भी विकल्प उपलब्ध हो सकते हैं।

23 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर प्रस्तावित कीमत

गौरतलब है कि योजना के तहत भूखंडों की दर लगभग 23,000 रुपये प्रति वर्गमीटर प्रस्तावित की गई है। इस हिसाब से 72 वर्गमीटर के प्लॉट की अनुमानित कीमत करीब 16.56 लाख रुपये और 450 वर्गमीटर के प्लॉट की कीमत लगभग 1.03 करोड़ रुपये होगी। यह केवल प्रस्तावित दर के आधार पर जमीन की गणना है। अन्य शुल्क, विकास शुल्क और पंजीकरण संबंधी खर्च अलग हो सकते हैं।

लॉटरी से होगा प्लॉटों का आवंटन

पहले चरण में आवासीय भूखंडों का आवंटन पारदर्शी लॉटरी के माध्यम से करने की तैयारी है। इससे योग्य आवेदकों को समान अवसर मिल सकेगा। योजना के बाद के व्यावसायिक या विशेष भूखंडों के लिए नीलामी का विकल्प अपनाया जा सकता है। हालांकि, आवेदन शुरू होने की तारीख, पात्रता, पंजीकरण राशि और लॉटरी की तारीख को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। रेरा पंजीकरण नंबर जारी होने के बाद ही आवेदन से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आएगी।

खैर रोड पर विकसित होगी पूरी टाउनशिप

ग्रेटर अलीगढ़ की व्यापक योजना खैर रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर के सामने करीब 323 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित है। इसके लिए रुस्तमपुर अखन, अहमदाबाद, जतनपुर चिकावटी, अटलपुर, मूसेपुर, जिरौली डोर और ल्हौसरा विसावन सहित आसपास के क्षेत्रों में जमीन चिह्नित की गई है। पहले चरण में इसी बड़ी योजना के करीब 70 हेक्टेयर हिस्से में आवासीय भूखंड विकसित करने की तैयारी है।

सड़क, पार्क और सीवरेज समेत मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

विदित है कि योजना को सुनियोजित टाउनशिप के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है। यहां चौड़ी सड़कें, पार्क, ग्रीन बेल्ट, बिजली, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज और ड्रेनेज जैसी बुनियादी सुविधाएं तैयार की जाएंगी। उद्देश्य यह है कि लोगों को केवल प्लॉट ही नहीं, बल्कि रहने के लिए जरूरी शहरी सुविधाओं वाला व्यवस्थित क्षेत्र भी मिल सके।

तीन साल का इंतजार अब खत्म होने की उम्मीद

योजना की लॉन्चिंग में रेरा पंजीकरण की प्रक्रिया सबसे बड़ी बाधा बनी हुई थी। प्रस्ताव पर अलग-अलग आपत्तियां आने के बाद ADA को दस्तावेजों में संशोधन कर दोबारा जानकारी देनी पड़ी। अब प्राधिकरण के स्तर पर औपचारिकताएं पूरी होने के बाद फाइल अंतिम चरण में बताई जा रही है।

ADA उपाध्यक्ष कुलदीप मीणा के अनुसार, रेरा पंजीकरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द नंबर मिलने की उम्मीद है। ऐसे में अब उन लोगों की नजरें आधिकारिक लॉन्चिंग पर टिकी हैं, जो लंबे समय से ग्रेटर अलीगढ़ योजना में प्लॉट लेने का इंतजार कर रहे हैं।

अन्य खबरे