गोंडा के BJP जिलाध्यक्ष का महिला से गले मिलना...वायरल वीडियो ने बढ़ाया सियासी तापमान!: खतरे में कुर्सी, क्लिप से पार्टी की साख पर उठ रहे हैं सवाल वही महिला ने?
गोंडा के BJP जिलाध्यक्ष का महिला से गले मिलना...वायरल वीडियो ने बढ़ाया सियासी तापमान!

लखनऊ/गोंडा : गोंडा में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप एक वीडियो वायरल होने के बाद विवादों में घिर गए हैं। वीडियो में वे एक महिला कार्यकर्ता से गले मिलते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद उनके आचरण पर सवाल उठने लगे हैं। सफाई में उन्होंने कहा कि महिला की तबीयत खराब थी, इसलिए सहारा दिया। लेकिन सामने आए एक अन्य वीडियो ने इस दावे पर भी संदेह खड़ा कर दिया है। अब पार्टी के भीतर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है और माना जा रहा है कि जल्द ही उन्हें पद से हटाया जा सकता है।

क्या है वायरल VIDEO में? :

गौरतलब है कि रविवार रात गोंडा जिले में पार्टी कार्यालय की सीढ़ियों पर एक महिला कार्यकर्ता को गले लगाते जिलाध्यक्ष का वीडियो इंटरनेट पर आग की तरह फैल गया। इस पर BJP जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप ने सफाई दी कि महिला को चक्कर आ रहा था, इसलिए सहारा दिया। लेकिन कुछ ही घंटों में दूसरा वीडियो सामने आ गया, जिसमें जिलाध्यक्ष महिला को ऑफिस के अंदर इशारों से ले जाते और बाहर खड़े कार्यकर्ताओं को दरवाजे से भगा देते नजर आए। अब सवाल ये उठ रहा है कि अगर मंशा पाक थी, तो मुलाकात छिपाकर क्यों की गई?

बलिया के बाद गोंडा वीडियो-कांड से बीजेपी की छवि हुई खराब :

आपको बता दें कि बलिया में सहकारी बैंक के निदेशक बब्बन सिंह के वीडियो से पार्टी को अभी तक राहत नहीं मिली थी कि गोंडा की इस वायरल वीडियो ने माहौल और बिगाड़ दिया। प्रदेश में पंचायत और विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच ऐसे वायरल वीडियो BJP के लिए गले की फांस बनते जा रहे हैं।भीतर ही भीतर भाजपा विधायक भी कश्यप से खफा हैं। कैमरे पर कुछ नहीं बोल रहे, पर ऑफ रिकॉर्ड सब कह रहे हैं कि ऐसे नेताओं से पार्टी और क्षेत्र की छवि खराब होती है।

बर्खास्तगी तय, नोटिस सिर्फ औपचारिकता? :

BJP प्रदेश नेतृत्व ने अमर किशोर को कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब मांगा है। लेकिन जानकार सूत्रों की मानें तो ये नोटिस महज ‘औपचारिक विदाई प्रक्रिया’ है। पार्टी कार्यालय के भीतर के सूत्रों के अनुसार अमर किशोर को हटाना अब तय है, बस ऑफिसियल एलान बाकी है।

जांच की आंच कम्प्यूटर ऑपरेटरों तक :

वीडियो लीक के मामले में दो नाम जांच के घेरे में हैं; राहुल यादव और अनूप गुप्ता। पूर्व जिलाध्यक्ष शिवनारायण तिवारी के कार्यकाल में नियुक्त अनूप को अमर किशोर ने हाल ही में हटाया था। अब शक है कि “बदले की आग” में अनूप ने ही वीडियो लीक किया। कश्यप ने दावा किया कि ये एक साजिश है, मुझे बदनाम किया जा रहा है। 

जानें अमर किशोर का क्या है कहना!

वहीं इस मामले में कश्यप का कहना है कि वो महिला के साथ 9:39:43 पर ऊपर गए और 9:41:31 पर लौट आए, यानी महज़ तीन मिनट का मामला है। लेकिन अब लोग सवाल पूछ रहे हैं कि क्या तीन मिनट भी पार्टी की मर्यादा के लिए कम है?

नैतिक चरित्र संकट में फंसती भाजपा!

वरिष्ठ पत्रकार आनंद राय कहते हैं कि - "कांग्रेस जब अपने चरम पर थी, वहां भी चरित्र हनन के मामले सामने आते थे। भाजपा अब सत्ता में है, और उससे भी ज्यादा नैतिक जवाबदेही की अपेक्षा है।” BJP प्रवक्ता आनंद दुबे ने स्पष्ट कहा कि जो पार्टी की छवि खराब करे, उस पर कार्रवाई तय है। अमर किशोर को जवाब देना ही होगा।

गोंडा में भाजपा की नैतिक दीवारों को हिलाने वाला ये मामला सिर्फ एक वायरल वीडियो कांड नहीं है, यह संकेत है कि पार्टी को अब संघटनात्मक अनुशासन और चरित्र मूल्य के बीच संतुलन बैठाना होगा।
वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का ये भी कहना है कि जिलाध्यक्ष की कुर्सी चाहे जब जा सकती है।

अन्य खबरे