लखनऊ: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक महकमे में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया गया है। योगी सरकार ने सोमवार को 16 आईएएस और चार पीसीएस अधिकारियों सहित कुल 20 अधिकारीयों के तबादले कर दिए। इस बदलाव में छह जिलों के जिलाधिकारी बदल दिए गए हैं। इसके अलावा वाराणसी और कानपुर के मंडलायुक्तों की अदला-बदली की गई है। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी और उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों की जिम्मेदारी भी बदल दी गई है। इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद कई जिलों और महत्वपूर्ण विभागों में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी मिली है। खास बात यह है कि उमेश मिश्रा को महज तीन दिन पहले मुजफ्फरनगर के डीएम पद से हटाया गया था और अब उन्हें जौनपुर का जिलाधिकारी बना दिया गया है।
वाराणसी और कानपुर के कमिश्नर की अदला-बदली
आपको बता दें कि तबादला सूची में सबसे प्रमुख बदलाव वाराणसी और कानपुर मंडल में हुआ है। वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम को कानपुर भेजा गया है, जबकि कानपुर में तैनात के. विजयेंद्र पांडियन अब वाराणसी के नए मंडलायुक्त होंगे। इस तरह दोनों अधिकारियों की जिम्मेदारियों की अदला-बदली हुई है। वहीं, ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के सीईओ रवि कुमार एनजी को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) का सीईओ बनाया गया है। उनके स्थान पर डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
छह जिलों को मिले नए जिलाधिकारी
गौरतलब है कि सरकार ने भदोही, चंदौली, गोंडा, जौनपुर, श्रावस्ती और शामली में नए डीएम नियुक्त किए हैं।
भदोही: अनिल कुमार सिंह
चंदौली: शैलेश कुमार
गोंडा: रमेश रंजन
जौनपुर: उमेश मिश्रा
श्रावस्ती: मनोज कुमार राय
शामली: प्रवीण वर्मा
इन तबादलों के तहत चंदौली के डीएम चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है। जौनपुर के जिलाधिकारी रहे सैमुअल पॉल एन. को सहकारी समितियों में अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) की जिम्मेदारी दी गई है। गोंडा की डीएम प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव, नगर विकास और श्रावस्ती की डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार बनाया गया है। शामली के डीएम आलोक यादव को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी मिली है।
तीन दिन में बदल गई उमेश मिश्रा की तैनाती
इस फेरबदल में जौनपुर के नए डीएम उमेश मिश्रा का मामला भी चर्चा में है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 13 नवंबर को उन्हें मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी पद से हटाकर विशेष सचिव बनाया गया था। अब तीन दिन बाद ही उन्हें जौनपुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त कर दिया गया है।
सौम्या अग्रवाल को मिली कई विभागों की जिम्मेदारी
विदित है कि श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम, स्टेट स्पिनिंग कंपनी, स्टेट यार्न कंपनी और सहकारी कताई मिल्स संघ का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
चार पीसीएस अधिकारियों का भी तबादला
आईएएस अधिकारियों के साथ चार पीसीएस अधिकारियों की तैनाती में भी बदलाव किया गया है। रेणुका दीक्षित को इटावा से शामली, विश्व भूषण मिश्र को अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से स्थानीय निकाय निदेशालय, अभिनव पाठक को आगरा से प्रयागराज मेला प्राधिकरण और विकास प्राधिकरण तथा सौम्य मिश्रा को प्रयागराज से आगरा भेजा गया है।
इस फेरबदल से प्रदेश के कई जिलों, विकास प्राधिकरणों और महत्वपूर्ण विभागों में प्रशासनिक जिम्मेदारियां बदल गई हैं। आने वाले दिनों में नए अधिकारियों की तैनाती के बाद जिलों और विभागों के कामकाज पर इसका असर देखने को मिल सकता है।