लखनऊ : योगी सरकार की कैबिनेट बैठक में इस बार जनता के लिए बड़ा तोहफा दिया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में 22 अहम प्रस्ताव पास हुए। इनमें सबसे बड़ा फैसला उज्ज्वला योजना की महिलाओं के लिए है। दीवाली पर पूरे यूपी की 1.85 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस सिलेंडर मिलेगा। इस योजना पर सरकार 1385 करोड़ रुपये खर्च करेगी। खास बात यह है कि अब हर साल होली और दिवाली पर उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त सिलेंडर मिलेंगे। लेकिन ध्यान रहे कि लाभ उठाने के लिए आधार कार्ड से प्रमाणीकरण अनिवार्य होगा।
किसानों के लिए खुशखबरी; धान का बढ़ा दाम -
आपको बता दें कि धान खरीद पॉलिसी में बड़ा बदलाव करते हुए कैबिनेट ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹69 बढ़ाकर ₹2369 प्रति क्विंटल कर दिया है। पहले MSP ₹2300 प्रति क्विंटल था। ग्रेड-A धान का नया भाव ₹2389 प्रति क्विंटल तय हुआ। राज्य भर में 3300 धान खरीद केंद्र बनाए गए हैं, जल्द ही 700 और बढ़ाए जाएंगे। पश्चिमी यूपी में धान खरीद 1 अक्टूबर से 31 जनवरी तक होगी, जबकि पूर्वी यूपी में 15 अक्टूबर से 28 फरवरी तक। वहीं आपको बता दें कि इस बार 60 लाख मीट्रिक-टन धान को खरीदनें का टारगेट रखा गया है।
एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी का बड़ा प्लान :
गौरतलब है कि कैबिनेट ने 7488 करोड़ रुपये की लागत से नया लिंक एक्सप्रेस-वे बनाने को मंजूरी दी है। यह 90 किमी लंबा ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट होगा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को फर्रुखाबाद होते हुए गंगा एक्सप्रेस-वे से जोड़ेगा। यह एक्सप्रेसवे बनने के बाद पूरे यूपी में ट्रैफिक और तेज व सुगम होगा।
छात्रों और शिक्षा क्षेत्र के लिए राहत :
विदित है कि 2024 में छूटे हुए SC/ST, OBC, अल्पसंख्यक और सामान्य वर्ग के बच्चों की छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति फिर से मंजूर की गई है। इसके लिए ₹647.38 करोड़ का बजट तय हुआ है। कई निजी विश्वविद्यालयों और टेक्सटाइल पार्कों को हरी झंडी दी गयी। वहीं फतेहपुर, झांसी और चंदौसी के विश्वविद्यालयों को संचालन के लिए अनुमति मिली है।
उद्योग व रोजगार के नए मौके :
विदित है कि वस्त्र नीति 2017 के तहत टेक्सटाइल एंड अपैरल पार्क योजना को मंजूरी दी गयी है। 50 एकड़ ज़मीन पर बनने वाले इस पार्क में 1500 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं सेमीकंडक्टर और मोटे अनाज की खरीद नीति पर भी सरकार ने मुहर लगाई।
मृतक आश्रितों को बड़ी राहत :
गौरतलब है कि अब अगर सरकारी कर्मचारी की मृत्यु होती है तो उसके आश्रित को उसी कैडर में नौकरी दी जाएगी। उदाहरण के लिए, अगर मृतक समूह ग में था तो आश्रित को भी समूह ग में नौकरी मिलेगी।
बरेली बवाल पर मंत्रियों की कड़ी चेतावनी :
आपको बता दें कि कैबिनेट बैठक से पहले बरेली हिंसा पर मंत्रियों ने सख्त रुख दिखाया। मंत्री संजय निषाद ने कहा कि “बिना अनुमति के धार्मिक प्रदर्शन गलत है, हमारी सरकार कानून-व्यवस्था पर कोई समझौता नहीं करेगी।” वहीं मंत्री असीम अरुण बोले कि “धार्मिक आयोजन तभी होंगे जब अनुमति होगी, कोई भी नियम तोड़ेगा तो कार्रवाई तय है।” मंत्री अनिल राजभर ने भी कहा कि “UP को शांत न रहने देने वालों पर सरकार कड़ी सख्ती से निपटेगी।”
कुल मिलाकर, योगी सरकार की इस कैबिनेट बैठक में गरीबों, किसानों, छात्रों और महिलाओं सभी के लिए तोहफे रहे। वहीं विकास के बड़े प्रोजेक्ट्स और कानून-व्यवस्था पर सख्ती का भी साफ संदेश दिया गया।