हरियाणा विधानसभा में पेश हुआ 2.24 लाख करोड़ का बजट!: महिलाओं को गाड़ी खरीदने पर टैक्स छूट, अग्निवीरों को पुलिस में 20% आरक्षण समेत किसानों को...जानें हरियाणा सरकार की बजट में इस बार क्या रहा खास?
हरियाणा विधानसभा में पेश हुआ 2.24 लाख करोड़ का बजट!

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में ₹2,23,658.17 करोड़ का बजट पेश किया। यह पिछले साल से 10.28% ज्यादा है। करीब तीन घंटे से अधिक चले बजट भाषण में महिलाओं, युवाओं, किसानों और रोजगार पर बड़े ऐलान किए गए। जिनका सीधा असर लाखों परिवारों पर पड़ेगा।

महिलाओं के लिए बड़ा तोहफा; गाड़ी खरीदने पर 1% टैक्स छूट :

आपको बता दें कि अब अगर कोई महिला अपने नाम पर वाहन खरीदती है तो उसे रोड टैक्स में 1% की छूट मिलेगी। सरकार का कहना है कि इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने और उनके नाम संपत्ति बढ़ाने को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों पर पहले से मिल रही 20% टैक्स छूट को और प्रभावी बनाने की तैयारी है। महिलाओं को ड्राइविंग ट्रेनिंग और इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के लिए 10 लाख रुपये तक ब्याज-मुक्त लोन की भी सुविधा दी जाएगी।

‘लाडो लक्ष्मी योजना’ का दायरा बढ़ा, 6 लाख नई लाभार्थी जुड़ेंगी :

गौरतलब है कि सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का विस्तार करने का ऐलान किया है। अब पात्रता आय सीमा ₹1.40 लाख से बढ़ाकर ₹1.80 लाख होगी (25 सितंबर 2026 से लागू)। अभी 9.22 लाख महिलाओं को ₹2100 प्रति माह मिल रहे हैं। अब 6 लाख और महिलाएं योजना में जुड़ेंगी। इस योजना के लिए ₹6500 करोड़ का प्रावधान रखा गया है।

अग्निवीरों के लिए 20% आरक्षण, 1300 की विशेष भर्ती :

विदित है कि पुलिस भर्ती में अग्निवीरों को 20% आरक्षण देने का प्रस्ताव रखा गया है। अगले साल 1300 अग्निवीरों की विशेष भर्ती की जाएगी। सरकार का कहना है कि यह कदम सेना में सेवा दे चुके युवाओं को सम्मानजनक रोजगार देने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

महिलाओं की सुरक्षा पर फोकस :

•7 नए महिला थाने (लोहारू, बरवाला, नरवाना, समालखा, महम, रादौर, पिहोवा)

•3 नए साइबर क्राइम थाने

•बसों और टैक्सियों में ट्रैकिंग डिवाइस और पैनिक बटन

•एंटी टेरेरिस्ट स्क्वायड (ATS) के गठन के लिए ₹35 करोड़

परिवहन और तीर्थ यात्रा में बड़ा निवेश :

विदित है कि हरियाणा रोडवेज 50 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगा, जो कटरा, सालासर, खाटूश्याम, हरिद्वार और अमृतसर जैसे धार्मिक स्थलों तक चलेंगी। 1000 नई बसें छात्रों के लिए चलेंगी। महिला यात्रियों के लिए विशेष बसें 273 से बढ़ाकर 500 किया गया। सभी जिला मुख्यालयों में इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा चालू होगी।

शिक्षा और युवाओं के लिए बड़ी घोषणाएं

•21 नए स्टेडियम

•हर जिले में सिंथेटिक ट्रैक

•‘मिशन ओलंपिक 2036’

•1000 आंगनवाड़ी अपग्रेड

•250 स्कूलों को मॉडल स्कूल बनाया जाएगा

1 लाख युवाओं को AI मिशन के तहत ट्रेनिंग

दुर्घटना में छात्र की मृत्यु पर ₹5 लाख और दिव्यांगता पर ₹3 लाख की सहायता भी घोषित की गई।

किसानों और ऊर्जा क्षेत्र में बड़े फैसले

आपको बता दें कि सरकार “हरियाणा एग्री डिस्कॉम” नाम से नया बिजली निगम बनाएगी। 2.2 लाख घरों पर रूफटॉप सोलर लगेगा। ग्रीन हाइड्रोजन पॉलिसी लागू किया गया। किसानों को फसलों पर अतिरिक्त बोनस और अनुदान दिया गया।

हरियाणा की बढ़ती आर्थिक ताकत

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि हरियाणा की प्रति व्यक्ति आय 2025-26 में ₹3,95,618 तक पहुंचने का अनुमान है, जो राष्ट्रीय औसत से काफी ज्यादा है। राज्य को 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

यह बजट महिलाओं, युवाओं और किसानों पर केंद्रित है। टैक्स छूट से लेकर आरक्षण और नकद सहायता तक, सरकार ने कई ऐसे कदम उठाए हैं जिनका असर सीधे आम जनता पर पड़ेगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बजट सामाजिक सशक्तिकरण और आर्थिक विकास दोनों को संतुलित करने की कोशिश है।

अन्य खबरे