ममता हुई शर्मसार; माँ ने ही प्रेमी से कराई थी अपने बेटे की हत्या!: चॉकलेट के बहाने...व्हाट्सप्प चैट ने ऐसे खोला राज वहीं CCTV फुटेज से...जानें क्या हैं पूरा मामला
ममता हुई शर्मसार; माँ ने ही प्रेमी से कराई थी अपने बेटे की हत्या!

मेरठ : मेरठ के बहसूमा क्षेत्र से सामने आए छह साल के मासूम अंगदवीर हत्याकांड ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। जिस मां की गोद बच्चे के लिए सबसे सुरक्षित मानी जाती है, उसी मां पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है। पुलिस जांच में सामने आई व्हाट्सएप चैट और डिजिटल सबूतों ने इस पूरे मामले की परतें खोल दी हैं। पुलिस के अनुसार, अंगदवीर की मां गुरप्रीत कौर वारदात से पहले और बाद तक अपने प्रेमी अर्पित पाराशर के संपर्क में थी। जांच में सामने आया कि बच्चे की हत्या के कुछ देर बाद ही अर्पित ने गुरप्रीत को मैसेज भेजा— "काम हो गया"। इसके बाद दोनों के बीच हुई बातचीत ने पुलिस को शक की नई दिशा दे दी।

चॉकलेट और घड़ी के बहाने बेटे को प्रेमी के पास भेजा

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन गुरप्रीत ने अर्पित को अपने घर के पास बुलाया था। अर्पित कार लेकर घर से कुछ दूरी पर खड़ा था। आरोप है कि गुरप्रीत अपने छह साल के बेटे अंगदवीर को बाहर लेकर आई और उसे यह कहकर भेज दिया कि कार में अंकल बैठे हैं, जो उसे चॉकलेट और घड़ी दिलाने ले जाएंगे। मासूम भरोसे में आकर कार में बैठ गया और फिर वापस कभी घर नहीं लौटा। इसके बाद आरोपी अर्पित बच्चे को अपने साथ ले गया और उसकी हत्या कर दी।

CCTV ने खोला राज, घबराकर भेजा मैसेज

गौरतलब है कि अंगदवीर के लापता होने के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। जांच शुरू हुई तो पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिला, जिसमें आरोपी अर्पित बच्चे को कार में ले जाता दिखाई दिया। जैसे ही गुरप्रीत को पता चला कि पुलिस के हाथ फुटेज लग गई है, उसने अर्पित को मैसेज किया कि गांव में पुलिस आ गई है, फुटेज मिल गई है, अब तुम फंस सकते हो। जांच के अनुसार इसी बातचीत के दौरान उसने खुद को बचाने की कोशिश करते हुए अर्पित से कहा कि उसका नाम न लिया जाए। बाद में दोनों ने अपनी व्हाट्सएप चैट डिलीट कर दी, लेकिन पुलिस ने डिजिटल जांच के जरिए चैट रिकवर कर ली।

राज खुलने के डर से रची गई हत्या की साजिश

विदित है कि पूछताछ में सामने आया कि कुछ दिन पहले अंगदवीर ने अपनी मां और अर्पित को घर में साथ देख लिया था। इसके बाद दोनों को डर था कि बच्चा यह बात अपने पिता या दादी को बता सकता है। पुलिस के अनुसार इसी डर के चलते दोनों ने मासूम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पति से अलग होकर प्रेमी के साथ रहना चाहती थी आरोपी महिला

जांच में यह भी सामने आया है कि गुरप्रीत अपने पति से अलग होना चाहती थी और अर्पित के साथ रहना चाहती थी। पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक विवाद और रिश्तों की उलझन भी इस साजिश की वजहों में शामिल रही।

आठ घंटे तक पुलिस को गुमराह करता रहा आरोपी

गिरफ्तारी के बाद अर्पित ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने पहले बताया कि बच्चे को नहर में फेंक दिया गया है। इसके बाद पुलिस और बचाव टीम तलाश करती रही। बाद में पूछताछ में उसने हत्या की असली जगह बताई, जिसके बाद पुलिस ने मासूम का शव बरामद किया।

मां गिरफ्तार, डिजिटल सबूत बने अहम कड़ी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य सबूतों के आधार पर गुरप्रीत कौर को गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसियां दोनों आरोपियों के मोबाइल डेटा और बातचीत की गहराई से जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले में सभी डिजिटल और तकनीकी सबूतों को जोड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

छह साल के मासूम अंगदवीर की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। जिस रिश्ते से उसे सबसे ज्यादा सुरक्षा की उम्मीद थी, उसी रिश्ते पर उसकी मौत की साजिश का आरोप लगा है। फिलहाल मां और उसका प्रेमी कानून की गिरफ्त में हैं और पुलिस डिजिटल सबूतों के आधार पर पूरी साजिश की हर कड़ी जोड़कर मासूम को इंसाफ दिलाने की कार्रवाई में जुटी है।

अन्य खबरे