विश्व : दुनिया की राजनीति में एक ऐसी मुलाकात होने जा रही है, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी रहेंगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पहली बार एक साथ त्रिपक्षीय बैठक में शामिल होने जा रहे हैं। व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की है। यह बैठक चीन के शेनझेन में आयोजित होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) सम्मेलन के दौरान प्रस्तावित है। इस मुलाकात में परमाणु हथियारों पर नियंत्रण और ईरान से जुड़े हालात जैसे बड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
80 साल बाद दोहराया जाएगा इतिहास?
आपको बता दें कि इस बैठक को ऐतिहासिक इसलिए माना जा रहा है, क्योंकि उपलब्ध जानकारी के मुताबिक करीब 80 साल बाद दुनिया की तीन बड़ी शक्तियों के शीर्ष नेता एक साथ इस तरह की त्रिपक्षीय बातचीत करेंगे। इससे पहले फरवरी 1945 में अमेरिका, सोवियत संघ और ब्रिटेन के नेता क्रीमिया के याल्टा में मिले थे। उस समय द्वितीय विश्व युद्ध अपने अंतिम दौर में था। बैठक में युद्ध के बाद यूरोप की व्यवस्था और शासन से जुड़े अहम फैसलों पर चर्चा हुई थी। अब बदलते वैश्विक हालात में अमेरिका, रूस और चीन के नेता एक साथ बैठने जा रहे हैं। ऐसे में इस मुलाकात को अंतरराष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
परमाणु हथियारों पर नया समझौता चाहते हैं ट्रम्प
गौरतलब है कि बैठक का सबसे अहम मुद्दा परमाणु हथियारों की संख्या सीमित करना हो सकता है। व्हाइट हाउस के अनुसार, ट्रम्प चाहते हैं कि चीन भी अमेरिका और रूस के साथ परमाणु हथियार नियंत्रण से जुड़ी बातचीत में शामिल हो। उनका प्रयास तीनों देशों के बीच एक नया समझौता तैयार करने का है। दरअसल, अमेरिका और रूस के बीच परमाणु हथियारों को सीमित करने वाली आखिरी संधि इस साल फरवरी में समाप्त हो गई थी। दूसरी ओर, चीन अपने परमाणु हथियारों का भंडार लगातार बढ़ा रहा है। हालांकि चीन अब तक इस तरह की त्रिपक्षीय बातचीत में शामिल होने से बचता रहा है। अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, इस बैठक में किसी बड़े समझौते की तत्काल उम्मीद नहीं है। इसका मुख्य उद्देश्य बातचीत की शुरुआत करना है, ताकि भविष्य में परमाणु हथियारों पर नियंत्रण का रास्ता तैयार हो सके।
ईरान पर होगी चर्चा, यूक्रेन युद्ध एजेंडे से बाहर
बैठक में ईरान से जुड़े मुद्दे भी उठ सकते हैं। हालांकि रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को इस बातचीत के एजेंडे में शामिल नहीं किया गया है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका रूस के साथ पहले ही कई अलग-अलग बैठकें कर चुका है, लेकिन उनमें चीन शामिल नहीं था। ऐसे में तीनों देशों की संयुक्त बैठक में यूक्रेन युद्ध पर चर्चा की संभावना नहीं है।
ट्रम्प के साथ चीन जाएंगे एलन मस्क
विदित है कि इस यात्रा में टेस्ला के सीईओ एलन मस्क भी राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ चीन जाएंगे। व्हाइट हाउस ने इसकी पुष्टि की है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिका और चीन के बीच कारोबार में मस्क के बड़े हित हैं। वे यात्रा के दौरान ट्रम्प को सलाह देने में भी मदद कर सकते हैं। हालांकि, मस्क तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की संयुक्त बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे।
रेयर अर्थ मिनरल्स पर भी जिनपिंग से होगी बातचीत
ट्रम्प और जिनपिंग की अलग से होने वाली मुलाकात में रेयर अर्थ मिनरल्स की सप्लाई का मुद्दा भी उठ सकता है। अमेरिका चाहता है कि चीन इन खनिजों की आपूर्ति बढ़ाए। इनका इस्तेमाल इलेक्ट्रिक कार, मोबाइल फोन, कंप्यूटर, लड़ाकू विमान और आधुनिक हथियार बनाने में होता है। इन खनिजों की वैश्विक सप्लाई पर चीन का बड़ा नियंत्रण है।
ट्रम्प, पुतिन और जिनपिंग की यह प्रस्तावित मुलाकात सिर्फ तीन नेताओं की बैठक नहीं, बल्कि वैश्विक शक्ति संतुलन से जुड़ी बड़ी घटना मानी जा रही है। अब देखना होगा कि इस बातचीत से परमाणु हथियारों पर नियंत्रण और अंतरराष्ट्रीय तनाव कम करने की दिशा में कोई नई पहल निकलती है या नहीं।