पश्चिम की हवा करेगी भाजपा का सूपड़ा साफ: लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है: अखिलेश यादव
पश्चिम की हवा करेगी भाजपा का सूपड़ा साफ

मुजफ्फरनगर:सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुजफ्फरनगर में आयोजित सभा में कहा कि भाजपा का जुमला और गारंटी भाई-भाई हैं, ये इनकी गारंटी नहीं घंटी है। ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स के नाम से डराकर जबरन चंदा वसूलने का काम भाजपा ने किया, वहीं वर्ष 2022 में पश्चिम के मतदान से भाजपा नेता बौखला गए हैं। 

दिल्ली के नेता ने फड़वाये पोस्टर

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि वर्ष 2022 में पश्चिम के मतदान से भाजपा नेता बौखला गए हैं। अब यही पश्चिम की हवा भाजपा का सूपड़ा साफ कर देगी। दिल्ली वाले नेता ने पोस्टर से प्रत्याशियों के नाम और फोटो ही गायब कर दिए हैं। 

यह लोकतंत्र बचाने का चुनाव है

वहीं बघरा में आयोजित सपा की जनसभा में पूर्व सीएम ने कहा कि दो करोड़ नौजवानों को नौकरी देने का, बिजली मुफ्त देने का, किसानों की आय दोगुनी करने का वायदा झूठा साबित हुआ।

दिल्ली वाले नेता ने पोस्टर से सबका नाम और फोटो गायब कर दिए हैं। वोट पड़ेंगे तो भाजपा यूपी से गायब हो जाएगी। इनके दो नंबरी नेता कह गए थे कि बिजली माफ कर देंगे लेकिन नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। आज भी 80 करोड़ लोगों को राशन दिया जा रहा है, रोजगार नहीं। यही इनकी 10 साल की उपलब्धि है।

भाजपा ने बस सपा की नकल की है 

सपा सरकार ने फीडर अलग करने का काम किया था, जिसके बाद ही आज 24 घंटे बिजली मिल रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा ने एंबुलेंस दी। भाजपा ने 100 नंबर को 112 कर दिया, लेकिन गाड़ी नहीं बढ़ाई। सपा सरकार में मिला लैपटॉप चल रहा है। भाजपा ने उसकी नकल की। सपा ने डिजिटल डिवाइस को खत्म करने का काम किया था। भाजपा खराब राशन दे रही है। हम गरीबों को आटा और डाटा देंगे।

भाजपा नहीं चाहती कि नौजवानों की शादी हो

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मजाकिया अंदाज में बोला कि अगर भाजपा की सरकार आयी तो नौजवानों की शादी नहीं होगी। क्यूंकि सरकार नौजवानों को रोजगार नहीं दे रही है और बिना रोजगार शादी नहीं होगी। इसलिए युवाओं को बिना शादी के रहना पड़ेगा। 80 प्रतिशत नौजवान बिना रोजगार के हैं। बीजेपी वाले नहीं चाहते कि नौजवानों का भविष्य बेहतर हो। सभी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे है। इन्होंने अग्निवीर खत्म कर दी। भाजपा का कोई भरोसा नहीं कल को खादी वाले की नौकरी को भी तीन साल की कर सकती है।

हमने चौधरी चरण सिंह की विरासत को बढ़ाया

सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बिना रालोद का नाम लिए टिप्पणी करते हुए कहा कि हम लोगों को आगे बढ़ाते हैं, सम्मान करते हैं। राज्यसभा, विधानसभा चुनाव में सीटें देकर और प्रत्याशी बनाकर हमने चौधरी चरण सिंह की विरासत को आगे बढ़ाया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा लोगों को आगे बढ़ाती है। सबका सम्मान करती है। हमने चौधरी चरण सिंह की विरासत को आगे बढ़ाने का काम किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह का नाम नहीं लिया, लेकिन विधानसभा चुनाव 2022 के गठबंधन और इसके बाद राज्यसभा चुनाव की तरफ इशारा किया।

सभा में ये लोग रहे उपस्थित

पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक, पूर्व सांसद शाहिद सिद्दीकी, विधायक पंकज मलिक,एमएलसी किरणपाल कश्यप, पूर्व सांसद कादिर राना, विधायक अतुल प्रधान, शेर सिंह राणा, मौलाना नजीर, गौरव जैन, माजिद सिद्दीकी आदि लोग मौजूद रहे। इस सभा का संचालन जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने किया।

अन्य खबरे