अलग-अलग मामलों में अब तक आप के दर्जन भर नेता कानूनी कार्यवाही के शिकंजे में: आइए जानें क्या रही हैं वजहें?
अलग-अलग मामलों में अब तक आप के दर्जन भर नेता कानूनी कार्यवाही के शिकंजे में

आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने के बाद से ही इनके नेता आरोपों से घिरे रहे हैं। हाल ही में आम आदमी पार्टी के संस्थापक एवम् दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ही शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले आप के नेताओं का जेल एवं बेल से नाता रहा है जिसमें मनीष सिसोदिया एवम् संजय सिंह प्रमुख हैं।

अब तक आप के 14 नेताओं पर अलग–अलग मामलों में कार्यवाई की जा चुकी हैं जिनका विवरण निम्नलिखित है –

अरविंद केजरीवाल : मुख्यमंत्री केजरीवाल पर कथित शराब घोटाला मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है। ईडी द्वारा लगातार समन जारी करने बाद भी उपस्थित न होने के बाद 21 मार्च 2024 को ईडी ने अरविन्द केजरीवाल को उनके आवास से ही गिरफ्तार किया था।

मनीष सिसोदिया : आबकारी नीति मामले में मनीष सिसोदिया भी ईडी की न्यायिक हिरासत में मुख्य आरोपी के रूप में हैं।

सत्येंद्र जैन : मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में सत्येंद्र जैन को ईडी ने गिरफ्तार किया था। वर्तमान में ये तिहाड़ जेल में हैं।

गुलाब सिंह : आप विधायक गुलाब सिंह को 2016 में जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार किया गया था। 

संजय सिंह : आबकारी नीति मामले में राज्यसभा सांसद संजय सिंह को 5 अक्टूबर 2023 को गिरफ्तार किया गया। उसके बाद से वह जेल में हैं।

प्रकाश जारवाल : देवली से आप विधायक प्रकाश जारवाल को एक डॉक्टर को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में दोषी करार दिया गया था।

आसिम अहमद खान : वर्ष 2018 में तत्कालीन मंत्री आसिम अहमद खान पर बिल्डर से रुपये लेने का आरोप लगा था। इसके बाद उन्हें पार्टी से बर्खास्त कर दिया गया था।

संदीप कुमार : तत्कालीन मंत्री संदीप कुमार पर बलात्कार का आरोप लगाया गया था। उन्हें जेल जाना पड़ा था। फिलहाल पार्टी से वे बर्खास्त कर दिए गए हैं।

नरेश बालियान : पूर्व वॉलंटियर से मारपीट करने के मामले में आप विधायक नरेश बालियान को 15 अक्टूबर 2016 को गिरफ्तार किया गया था।

जितेंद्र कुमार तोमर : 'आप' सरकार के पूर्व मंत्री फर्जी डिग्री मामले में 9 साल पहले जेल जा चुके हैं। उन पर वकालत की फर्जी डिग्री बनवाने का आरोप है। 

अमानतुल्लाह खान : आप विधायक पर वक्फ बोर्ड में कर्मचारियों की भर्ती में कथित अनियमितता का आरोप है। इन पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज है।

अखिलेश पति त्रिपाठी : राउज एवेन्यू कोर्ट ने आप विधायक को साल 2020 में एक लॉ स्टूडेंट को पीटने का दोषी करार दिया था।

संजीव झा : दिल्ली की एक अदालत द्वारा आप विधायक संजीव झा और अखिलेश पति त्रिपाठी पुलिस पर हमले के आरोपी माने गए हैं।

सोमनाथ भारती : आप विधायक सोमनाथ भारती एम्स के सुरक्षाकर्मी से मारपीट मामले में 24 मार्च 2021 को दोषी ठहराए गए। वह बेल पर बाहर हैं।

अन्य खबरे