17 मार्च को यमुना किनारे भक्तों संग होली खेलेंगे ठाकुर द्वारिकाधीश: 20 मार्च को लठमार होली और भव्य शोभायात्रा का किया जायेगा आयोजन
17 मार्च को यमुना किनारे भक्तों संग होली खेलेंगे ठाकुर द्वारिकाधीश

द्वारकाधीश पुष्टि भक्ति सत्संग समिति (झालरापाटन) की तरफ से द्वारकाधीश मंदिर की 17 मार्च को 60 वीं परिक्रमा फाग महोत्सव के रूप में आयोजन किया जाएगा।

परिक्रमा निर्धारित मार्ग से होकर दोपहर 11:30 बजे वापस द्वारकाधीश मंदिर पहुंचेगी। परिक्रमा में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक दिन पूर्व आवास एवं परिक्रमा के पश्चात भोजन की व्यवस्था समिति की ओर से रखी गई है।

पुष्टिमार्गीय व वैष्णव पंथी भक्तों के लिए फाग उत्सव का सबसे बड़ा कार्यक्रम होता है। कार्यक्रम में झालावाड़ के अलावा सीमावर्ती मध्य प्रदेश व अन्य राज्यों से भी लोग यहां पहुंचते हैं। हर साल यहां करीब 20,000 लोग फाग उत्सव में शामिल होते हैं। जिनमें अधिकांश महिलाएं होती है।

ढोल नगाड़ों के साथ निकलेगी परिक्रमा यात्रा

मंदिर के प्रवक्ता रविराज पाटीदार ने बताया कि रविवार सुबह 7:30 बजे द्वारकाधीश मंदिर पर मंगला दर्शन के पश्चात परिक्रमा बैंड बाजे, ढोल नगाड़े, डीजे, भगवान द्वारकाधीश की रथ में विराजमान झांकी के साथ शुरू होगी। जिसमें पुरुष एवं महिला श्रद्धालु फाग गीत गाते हुए षष्ठपीठाधीश्वर युवा वैषणवाचार्य आश्रय कुमार के साथ चलेंगे।

ठाकुर द्वारिकाधीश होली खेलने के लिए यमुना किनारे विराजेंगे। भक्तों के साथ रजत पिचकारी से होली खेलेंगे। यह आयोजन 17 मार्च को द्वारिकाधीश मंदिर में होगा। इसके बाद 25 मार्च तक मंदिर में प्रतिदिन होली होगी।

रविवार को मंदिर में होने वाली होली के लिए मंदिर के जगमोहन में प्रतीकात्मक यमुना जी बनाई जाएंगी। सुबह 10 बजे से 11 बजे तक राजभोग के दर्शनों में ठाकुरजी को पिचकारी से होली खिलाई जाएगी। मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि 17 मार्च को होलाष्टक प्रारंभ होने के दिन से ठाकुर जी स्वर्ण और रजत की पिचकारियों से होली खेलते हैं।

यह क्रम होलाष्टक से प्रतिदिन 10 बजे से 11 बजे तक मंदिर प्रांगण में चलेगा। 20 मार्च को ठाकुरजी कुंज में विराजमान होकर होली खेलेंगे। 22 मार्च को ठाकुरजी बगीचे में विराजमान होकर होली खेलेंगे और 25 मार्च को डोल महोत्सव के साथ कार्यक्रमों का समापन होगा।

अन्य खबरे