बीजेपी की जगह अगर कोई और सरकार होती तो अयोध्या में कभी नहीं बन पाता राम मंदिर - सीएम योगी: यह सब संभव हो पाया है केंद्र और प्रदेश स्तर पर डबल इंजन की सरकार की वजह से
बीजेपी की जगह अगर कोई और सरकार होती तो अयोध्या में कभी नहीं बन पाता राम मंदिर - सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 10 मार्च को कुशीनगर दौरे पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां गौतम बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी। इसके अलावा सीएम द्वारा यहां 2134 करोड़ की 483 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। सीएम योगी ने रामाभार स्तूप के पास 435 करोड़ की लागत से महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की नींव रखते हुए भूमि पूजन किया। यहां विभिन्न विभागों के स्टाल और प्रदर्शनी भी सजाई गई है। इस दौरान कृषि योजनाओं से लाभान्वित प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया गया। 

कोई और नहीं बनवाता राम मंदिर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर केंद्र और प्रदेश में भाजपा के अलावा कोई और सरकार होती तो अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण नहीं हो पाता। यह सिर्फ भाजपा की डबल इंजन की सरकार ही कर सकती थी और हमने करके भी दिखाया। करोड़ों हिन्दुओं के सैकड़ों सालों का इंतजार पूरा हुआ और आज रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हैं। योगी ने क्षेत्र के पिछड़ेपन के लिए पिछली सरकारों को दोषी बताते हुए डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। 

सीएम के कुशीनगर दौरे के मुख्य बिंदु

1-कुशीनगर महात्मा बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली पर पहुंचे सीएम योगी।
2-सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे कुशीनगर मंच से हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
3-कुशीनगर की जनता को 2134 करोड़ की लागत से 483 परियोजनाओं का सौगात।
4-कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे सीएम योगी वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ भूमि पूजन।
5-भूमि पुजन में योगी के साथ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप,कृषि राज्य मंत्री बलदेव औलख और सांसद विजय दुबे भी मौजूद रहे। 

तकनीक से बदल रहे किसानों की किस्मत 

कुशीनगर में अपने संबोधन में योगी ने कहा कि अपनी उर्वरता और जल संसाधन के लिए यह जनपद विख्यात रहा है। लेकिन तकनीक और प्रौद्योगिकी न होने के कारण यहाँ से लोगों का पलायन होता गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने यहां कृषि विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी है। अब जल्द इसकी स्थापना होगी और किसान समृद्धि की राह पर चलेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने में तकनीक का काफी महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है। हमने यह महसूस किया और पिछले कुछ सालों में केंद्र और राज्य सरकार ने इस पर काम किया, जिसका असर हम किसानों की स्थिति में बदलाव के तौर पर देख रहे हैं। कुशीनगर में कृषि विश्वविद्यालय उसी का एक हिस्सा है। यह स्थापना महात्मा बुद्ध के प्रति नमामि बिंदु भी है और हमारी श्रद्धा व्यक्त करने का माध्यम भी ।

पिछली सरकारों ने इस इलाके को किया नज़रंदाज 

देवरिया में अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि यह क्षेत्र कृषि प्रधान है। कभी देश में चीनी का कटोरा के रूप में प्रसिद्ध देवरिया और कुशीनगर पिछली सरकारों की उपेक्षा के कारण पिछड़ते गए। नेतागीरी हावी होती गई, जिससे ये विकास से कोसों दूर होते गए। परिणाम था कि यहां कि चीनी मिले बंद हो गई और पिछली सरकार ने उन्हें औने-पौने दाम पर बेच दिया। योगी ने कहा कि हमने पिपराइच और मुंडेरवा की चीनी मिल चला दी है। देवरिया में चीनी मिल चलाने के साथ ही कुशीनगर को कृषि विश्वविद्यालय भी दे दिया है। जल्द ही यह क्षेत्र भी विकास के नए मानक स्थापित करेगा।

“पिछले 10 वर्षों में हमने बदलते भारत को देखा है। एक ऐसा भारत जिसने दुनिया को अपनी ताकत का आभास कराया आज हमारा भारत झुकता नहीं, पीछे नहीं हटता । अपने मार्ग से डिगता नहीं। यह सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है।” 

        - योगी आदित्यनाथ, सीएम, उत्तर प्रदेश

अन्य खबरे