कल रहा गुड डे! कांग्रेस में दो पार्टियों का विलय: बसपा के निष्कासित विधायक दानिश अली भी हुए शामिल
कल रहा गुड डे! कांग्रेस में दो पार्टियों का विलय

लोकसभा चुनाव जैसे–जैसे करीब आ रहा है राजनीतिक उथल–पुथल में लगातार तेजी आ रही है। ऐसे में सभी नेता और पार्टियां अपनी जीत के समीकरण बैठाने में लगे हुए हैं। इसी क्रम में 20 मार्च का दिन कांग्रेस पार्टी के लिए गुड डे के रूप में साबित हुआ क्योंकि इस दिन तीन बड़े नेताओं ने कांग्रेस का दामन थामा। इनमें पप्पू यादव, दानिश अली और चौधरी लाल सिंह के नाम शामिल हैं। इस दौरान पप्पू यादव ने अपनी 'जन अधिकार पार्टी' का कांग्रेस में विलय किया। वहीं जम्मू-कश्मीर के पूर्व बीजेपी नेता चौधरी लाल सिंह ने भी अपनी पार्टी 'डोगरा स्वाभिमान संगठन' का कांग्रेस में विलय किया। 

 पप्पू यादव एवम् उनकी पार्टी का विलय 

पप्पू यादव 5 बार के पूर्व सांसद हैं। साथ ही वह पूर्वी राज्य के सीमांचल क्षेत्र में राजनीतिक तौर पर मजबूत पकड़ रखने के लिए जाने जाते हैं। AICC हेडक्वार्टर में कांग्रेस में शामिल होते समय उनके साथ उनके बेटे सार्थक रंजन और पार्टी के अन्य नेता भी उपस्थित थे।

  कांग्रेस में शामिल होने पर पप्पू यादव ने क्या कहा?

पप्पू यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व ने उन्हें सम्मान दिया है तथा वह लोकतंत्र व संविधान को बचाने में मदद करने के लिए और देश में "तानाशाही" के खिलाफ पार्टी की लड़ाई में साथ देने के लिए शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दोनों ने हमें बहुत सम्मान दिया है। अगर किसी ने भारत में लोगों का दिल जीता है, तो वह राहुल गांधी हैं और लोग उन्हें प्यार करते हैं। पप्पू यादव ने कहा कि इस देश और इसके लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस में शामिल होने के अतिरिक्त कोई अन्य रास्ता नहीं था। उन्होंने कहा कि हम 2024 का लोकसभा चुनाव निश्चित रूप से जीतेंगे। मैं मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को धन्यवाद देता हूं। मैं कांग्रेस को मजबूत करने के लिए संघर्ष करूंगा।

 डोगरा स्वाभिमान संगठन पार्टी का कांग्रेस में विलय

 जम्मू-कश्मीर के नेता चौधरी लाल सिंह ने भी अपनी 'डोगरा स्वाभिमान संगठन पार्टी' का कांग्रेस में विलय कर दिया। जम्मू-कश्मीर के चौधरी लाल सिंह ने विलय के बाद कहा कि कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में बढ़त हासिल करेगी। जम्मू–कश्मीर के पीसीसी अध्यक्ष विकास रसूल ने बताया कि वह बीते 40 वर्षों से गरीबों-मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में बीजेपी ने लोकतंत्र निलंबित कर दिया है। उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी नेता दिल्ली में कहते हैं कि जम्मू-कश्मीर में सब ठीक है, जबकि राज्य में आतंकवाद फिर से बढ़ रहा है। हमें यकीन है कि 2024 में जम्मू-कश्मीर की जनता बीजेपी को जवाब देगी और इंडिया गठबंधन को पूर्ण बहुमत प्राप्त होगा।

 बसपा से निष्कासित दानिश अली कांग्रेस में शमिल 

बुधवार को उत्तर प्रदेश में अमरोहा से सांसद दानिश अली भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हो गए। इससे पहले वह साल 2019 के आम चुनाव में अमरोहा लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर सांसद चुने गए थे। हालांकि बीते साल दिसंबर 2023 में बसपा प्रमुख सुश्री मायावती ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
पार्टी में शामिल होने पर दानिश अली ने कहा कि आज जो देश की परिस्थितियां हैं वो किसी से छुपी नहीं है। जहां एक तरफ देश को तोड़ने वाली शक्तियां हैं वहीं  दूसरी तरफ देश के गरीब, वंचित और पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रही शक्तियां हैं। अपनी भविष्य की राजनीतिक यात्रा के लिए मैंने आज कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का यह अहम फैसला किया है।

अन्य खबरे