ईडी ने कहा मुख्य साजिशकर्ता है केजरीवाल : अन्ना हजारे का बयान अपने कर्मों के कारण गिरफ़्तार हुए हैं केजरीवाल
ईडी ने कहा मुख्य साजिशकर्ता है केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गुरुवार देर रात को शराब घोटाले से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी)ने गिरफ्तार कर लिया था। ईडी की टीम ने कल दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में अरविंद केजरीवाल को पेश किया। राउज एवेन्यू कोर्ट में अरविंद केजरीवाल की रिमांड पर सुनवाई पूरी होने के बाद राउज एवेन्यू कोर्ट ने अरविन्द केजरीवाल को 6 दिन की ईडी की रिमांड पर भेज दिया गया है। उन्हें 28 मार्च को दोपहर 2 बजे कोर्ट में पेश किया जाएगा। राउज एवेन्यू अदालत में विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा ने कहा कि केजरीवाल को 28 मार्च को दोपहर 2 बजे अदालत में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि ईडी ने इस मामले में 10 दिन की रिमांड की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने केवल 6 दिन की रिमांड की ही स्वीकृत दी है।  ईडी ने कहा मुख्य साजिशकर्ता है केजरीवाल

मामले की सुनवाई के दौरान ईडी ने केजरीवाल पर निम्नलिखित आरोप लगाए –

  • ईडी ने कोर्ट में दिल्ली आबकारी नीति घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल पर मुख्य साजिशकर्ता होने का आरोप लगाया। 
  • ईडी ने कहा कि तत्कालीन उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, केजरीवाल के लगातार संपर्क में थे।
  •  ईडी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर शराब नीति घोटाले में सीधे तौर पर शामिल होने का आरोप लगाया है। ईडी के अनुसार, घोटाले से प्राप्त धन का इस्तेमाल आम आदमी पार्टी के गोवा चुनाव अभियान के लिए किया गया था।
  •  ईडी ने कहा कि इस घोटाले में शामिल प्रमुख लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं और अवैध धन का सफलतापूर्वक पता लगा लिया है।
  • ईडी ने कहा कि दिल्ली शराब घोटाले में सीबीआई जांच में खुलासा हुआ है कि अरविंद केजरीवाल ने कथित तौर पर 'साउथ ग्रुप' से काम करने के बदले में किकबैक मांगे थे। 'साउथ ग्रुप' ने कथित तौर पर किकबैक के बदले में दिल्ली में शराब कारोबार पर नियंत्रण हासिल किया था।
  • ईडी ने कोर्ट में कहा कि आप के पूर्व संचार प्रमुख विजय नायर, साउथ ग्रुप से जुड़े थे और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पड़ोसी थे।
  • ईडी ने कहा कि एएसजी ने खुलासा किया कि घोटाले से प्राप्त कुल आय 600 करोड़ रुपये से अधिक है। एएसवी राजू ने स्पष्ट किया, घोटाले से प्राप्त आय में न केवल 100 करोड़ रुपये की रिश्वत शामिल है, बल्कि रिश्वत देने वालों की ओर से अर्जित लाभ भी शामिल है, जो कुल 600 करोड़ रुपये हैं।

 केजरीवाल के पक्ष में सिंघवी ने क्या कहा? 

अरविन्द केजरीवाल का पक्ष रखते हुए अभिषेक सिंघवी ने कहा कि "भारत के इतिहास में यह पहली बार है कि किसी पदासीन मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया है"। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी की शक्ति, गिरफ्तारी की आवश्यकता के समतुल्य नहीं है और केजरीवाल को गिरफ्तार किए जाने की आवश्यकता नहीं थी। सिंघवी ने कहा, "इस मामले में महत्वपूर्ण न्यायिक विवेक के इस्तेमाल की जरूरत है, इसमें लोकतंत्र के बड़े मुद्दे शामिल हैं।" केजरीवाल का पक्ष रख रहे अन्य वकील विक्रम चौधरी ने अदालत से कहा, "प्रवर्तन निदेशालय न्यायाधीश, जूरी, सजा की तामील करने वाला बन गया है।" उन्होंने कहा कि वह सुनवाई अदालत के समक्ष रिमांड कार्यवाही का विरोध करेंगे और उसके बाद एक अन्य याचिका के माध्यम से फिर सर्वोच्च न्यायालय में आएंगे।

 क्या कहा अन्ना हजारे ने ? 

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कहा, ''मैं इस बात से बहुत परेशान हूं कि जो अरविंद केजरीवाल मेरे साथ काम करते थे, शराब के खिलाफ आवाज उठाते थे, वे अब शराब नीतियां बना रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी उनके अपने कर्मों के कारण हुई है।” अन्ना हजारे ने कहा कि मैंने दो बार पत्र लिखकर मना किया था।उनकी गिरफ्तारी से दुख हुआ है।

अन्य खबरे