होली पर ग्रेटर नोएडा वासियों के लिए अच्छी खबर: घर जाना अब होगा और भी आसान, 22 मार्च से 1 अप्रैल तक चलेगी स्पेशल बसें
होली पर ग्रेटर नोएडा वासियों के लिए अच्छी खबर

होली के त्योहार पर अब घर जाना आसान हो जायेगा। दरअसल ग्रेटर नोएडा डिपो की तरफ से यात्रियों के लिए 22 मार्च से लेकर 1 अप्रैल तक स्पेशल बस सर्विस का संचालन किया जाएगा। इसके लिए ग्रेनो डिपो की तरफ से सभी तैयारियां भी कर ली गई है। बता दें कि डिपो की करीब 153 बसें विभिन्न रूटों पर 24 घंटे चलती रहेगी। इसके लिए ऐसे रूट चुने गए हैं, जहां पर आने-जाने हेतु यात्रियों की भीड़ सबसे ज्यादा रहती है।

इनमें आगरा, एटा, मथुरा, बुलंदशहर, बदायूं, अलीगढ़ और इटावा आदि शामिल हैं। वहीं लंबे रूट की बात करें तो इसमें जैसे लखनऊ, बरेली, गोरखपुर तथा कानपुर आदि को शामिल किया गया है। लखनऊ, कानपुर तथा गोरखपुर के लिए चलने वाली कई बसें यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार परीचौक से भी संचालित की जाएंगी। इसके अलावा इनका संचालन आनंद विहार तथा कौशांबी बस अड्डे से भी किया जायेगा।

वहीं देखा जाए तो नॉलेज पार्क में पढ़ाई करने वाले कई हजार छात्रों को परी चौक से ही आसानी से अपने गंतव्य तक जाने के लिए उन्हें बसें मिल जाएगी। इन सभी रूट पर ये सारी बसे रात-दिन चलेंगी। अधिकारियों ने बताया है कि यात्रियों की भीड़ को देखते हुए तत्काल रूप से भी कई रूट्स पर बस सर्विस का संचालन किया जाएगा।

चालक और परिचालक को मिलेगा आर्थिक सम्मान:

बता दें की 22 मार्च से लेकर 1 अप्रैल तक पूरे 11 दिन में लगातार ड्यूटी करने वाले चालक तथा परिचालकों को रोडवेज की तरफ से आर्थिक रूप से पुरुस्कृत भी किया जाएगा। ARM ने बताया कि 10 दिन तक डेली बस चलाने वाले चालक एवं परिचालकों को कुल 3500 रुपये मिलेंगे तथा साथ ही यदि वे 11 दिन तक लगातार कार्य करते हैं तो उन्हें 4 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही यहां की कार्यशाला में काम करने वालों को भी कुल 1800 रुपये दिए जाएंगे।

ग्रेनो डिपो के ARM अनिल कुमार ने बताया की होली के त्योहार के इस मौके पर दिनांक 22 मार्च से लेकर 1 अप्रैल तक 24 घंटे स्पेशल बस सर्विस का संचालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसमें लंबे रूट पर 2 चालक मौजूद रहेंगे। यात्रियों की भीड़ के हिसाब से तय रूट के अतिरिक्त अन्य रूटों पर भी बसों का संचालन किया जायेगा।

अन्य खबरे