रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं ने बनाया नया रिकॉर्ड, प्राण प्रतिष्‍ठा के 2 महीने में ही : 1 करोड़ से ज्‍यादा भक्‍तों ने किए रामलला के दर्शन...
रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं ने बनाया नया रिकॉर्ड, प्राण प्रतिष्‍ठा के 2 महीने में ही

 

अयोध्या राम मंदिर: 22 जनवरी को ऐतिहासिक आयोजन में अयोध्‍या में राम मंदिर का उद्घाटन हुआ था। रामलला की मनमोहक मूर्ति की प्राण-प्रतिष्‍ठा हुई धूम धाम से संपन्न हुई थी जिसके दर्शन करने के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आलम यह है कि प्राण-प्रतिष्‍ठा कार्यक्रम के बाद से अयोध्‍या आने वाले भक्‍तों की संख्‍या में भारी इजाफा हुआ है। रोजाना करीब डेढ़ से दो लाख श्रद्धालु अयोध्‍या राम मंदिर में दर्शन करने जा रहे हैं।

दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं ने एक रिकॉर्ड भी बना दिया है। 23 जनवरी से 21 मार्च तक एक करोड़ बारह लाख श्रद्धालु रामलला के मंदिर में दर्शन करने अयोध्या पहुंचे चुके हैं। पर्यटन विभाग की मानें तो प्रतिदिन एक लाख से सवा लाख श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। साथ ही मंगलवार, शनिवार और रविवार को यह संख्या और बढ़ जाती है।

कितने श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन:

गौरतलब है कि जितने साल भर में आते थे श्रद्धालु, उतने दो माह में आ गए हैं। बीते वर्षों में अयोध्या आने वाले पर्यटकों की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है। आंकड़ों के मुताबिक 2017 में 1,7857858 श्रद्धालुओं ने अयोध्या में दर्शन किए थे जिसमें 25,141 विदेशी और 1,78,32,717 भारतीय भक्त शामिल हैं। वहीं 2018 में 28,335 विदेशी और 1,95,34,824 भारतीय नागरिक पहुंचे थे। ऐसे ही वर्ष 2019-20 में कोरोना के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में कमी देखने को मिली और क्रमश 61,96,148 व 2,04,91,724 श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे।

वहीं वर्ष 2021 में 1,57,43,359 भारतीय एवं 431 विदेशी पर्यटकों ने अयोध्या में दर्शन पूजन किया। 2021 में यह संख्या एक बार फिर बढ़ी और 1,57,43,790 श्रद्धालु अयोध्या दर्शन के लिए आए। वर्ष 2022 में 26,403 विदेशी और 2,21,12,402 भारतीय पर्यटक अयोध्या पहुंचे।

श्रद्धालुओं की संख्या 2023 में और तेजी से बढ़ी:

वर्ष 2023 में श्रद्धालुओं की संख्या बहुत तेजी से बढ़ी। 2023 में वर्ष भर में कुल 5,75,15,423 श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। इनमें 5,75,07,005 भारतीय श्रद्धालु व 8418 विदेशी श्रद्धालु शामिल रहे। प्राण प्रतिष्ठा के बाद से अब तक 1 करोड़ 12 लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंच कर रामलला का दर्शन कर चुके हैं। 

युवाओं को मिला रहा रोजगार:

राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से रोजगार में भी वृद्धि हो रही है। सूनी पड़ी दुकानों पर अब श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। इसमें सबसे ज्यादा खाने पीने –होटल रेस्टोरेंट और सजावटी वस्तुओं की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोग यहां पहुंच रहे हैं। व्यापारियों की मानें तो प्राण प्रतिष्ठा के बाद से अयोध्या में व्यापार बढ़ा है, कई नए व्यवसाय जुड़ गए हैं। दुकानों की स्थितियों परिस्थितियों में भी बदलाव हुआ है।

विदेशी पर्यटकों में भी हुई वृद्धि:

आराध्‍य प्रभु राम के दर्शन करने के लिए देश के कोने-कोने से तो श्रद्धालु पहुंच ही रहे हैं साथ ही यहां आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्‍या में भी खासी बढ़ोतरी हुई है। जब से 2017 में यूपी सरकार ने अयोध्‍या में दीपोत्‍सव का आयोजन शुरू किया है तब से ही अयोध्‍या आने वाले पर्यटकों की संख्‍या में काफी इजाफा हुआ है। बता दें कि पिछले कुछ सालों में अयोध्‍या में बड़े पैमाने पर डेवलप हुए इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर ने भी इस सांस्‍कृतिक और प्राचीन शहर की तरफ पर्यटकों का रुझान बढ़ाया है।

राम नवमी पर आयोजित होगा विशेष आयोजन:

प्रभु राम के जन्‍मोत्‍सव राम नवमी के दिन अयोध्‍या राम मंदिर में विशेष आयोजन होने जा रहा है। राम मंदिर के उद्घाटन के बाद यह राम नवमी का पहला आयोजन है और इसमें सम्मिलित होने के लिए बड़े पैमाने पर श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके लिए प्रशासन ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। राम नवमी के दिन रामलला का सूर्य रश्मियों से तिलक होगा। दरअसल, एक खास प्रोजेक्‍ट के जरिए ऐसी व्‍यवस्‍था की गई है हर साल राम नवमी के दिन सूर्य की किरणें प्रभु राम की मूर्ति के मस्‍तक पर पड़ेंगी।

अन्य खबरे